एलर्जी है तो शराब बिक्री बंद कराएं रघुवर : जलेश्वर
धनबाद : शराब पीने के लिए बिहार के सत्ताधारी नेता कर रहे झारखंड का दौरा संबंधी मुख्यमंत्री रघुवर दास
धनबाद : शराब पीने के लिए बिहार के सत्ताधारी नेता कर रहे झारखंड का दौरा संबंधी मुख्यमंत्री रघुवर दास के बयान पर झारखंड प्रदेश जदयू अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा है-खिसकते जनाधार के कारण मुख्यमंत्री रघुवर दास का मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है। इस कारण अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। अगर सचमुच में रघुवर दास को शराब से एलर्जी है तो झारखंड में बिक्री बंद कराएं।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का 10 अक्टूबर को जमशेदपुर में कार्यक्रम था। उनके कार्यक्रम के 10 दिन बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बयान दिया था कि बिहार के मुख्यमंत्री के साथ 20-22 आदमी जमशेदपुर आये थे। होटल में बैठकर छककर शराब पी थी। मुख्यमंत्री के बयान की खिंचाई करते हुए जलेश्वर महतो ने कहा है कि नीतीश कुमार के जमशेदपुर से जान के 10 दिन बाद रघुवर दास क्यों बयान दे रहे हैं? उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री के झारखंड दौरे से भाजपा का जनाधार खिसक रहा है। इस कारण रघुवर दास अनर्गल और गैर जिम्मेराना बयान दे रहे हैं। मैं खुद जमशेदपुर परिसदन में ठहरा था। मेरा साथ बिहार के मंत्री श्रवण कुमार भी थे। तमाम नेता परिसदन में ठहरे थे। होटल में कोई नही ठहरा था। अगर बिहार के लोग शराब पी रहे थे तो मुख्यमंत्री ने छापा क्यों नहीं डलवाया?
सीएनटी के मुद्दे पर झारखंड सरकार के स्टैंड का विरोध करते हुए जलेश्वर ने कहा कि रघुवर दास आदिवासियों की जमीन छीनकर पूंजीपतियों को देना चाहते हैं। सीएनटी एक्ट से छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए। जीएम लैंड के साथ भी नहीं। धर्मातरण पर मुख्यमंत्री के बयान की खिंचाई करते हुए महतो ने कहा कि सारा मामला आदिवासियों के पिछड़ेपन से जुड़ा है। सरकार अगर राज्य के पिछड़े क्षेत्र में आदिवासियों के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराये तो एक भी व्यक्ति लालच में पड़कर अपना धर्म नहीं बदलेगा। इस मौके पर जदयू के प्रदेश महासचिव रामस्वरूप शर्मा, पिंटू कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष राजू कुमार सिंह, युवा जदयू के अध्यक्ष प्रकाश नोनिया, हाजी हसीब खां, स्मृति सिंह, मो. नौशाद, धनलाल दुबे आदि उपस्थित थे।
--------------------
बंदी को सांसद से गुफ्तगू
बड़कागांव गोलीकांड के विरोध में 24 अक्टूबर को झारखंड बंद की सफलता को जदयू प्रदेश अध्यक्ष जलेश्वर महतो ने परिसदन में राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की। इस दौरान झामुमो सांसद संजीव कुमार के साथ भी गुफ्तगू की।
---------------------
भाजपा सरकार धनबाद विरोधी
धनबाद-आसनसोल सवारी गाड़ी बंद करने का विरोध करते हुए जलेश्वर महतो ने कहा कि जदयू ने आंदोलन शुरू किया है। सवारी गाड़ी चालू होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और झारखंड की रघुवर दास सरकार धनबाद विरोधी है। इसका जीता-जागता उदाहरण धनबाद-आसनसोल सवारी गाड़ी की बंदी है। धनबाद रेल मंडल राजस्व देने के मामले में देश में तीसरे स्थान पर है। इसके बावजूद धनबाद से सुविधाएं छीनी जा रही है।