हटिया-पटना एक्सप्रेस में बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास
जासं, धनबाद : रांची से पटना जा रही हटिया-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच बी वन में गुरुवार रात ए
जासं, धनबाद : रांची से पटना जा रही हटिया-पटना सुपरफास्ट एक्सप्रेस के एसी कोच बी वन में गुरुवार रात एक दस वर्षीय बच्ची के साथ 35 वर्षीय युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। नाबालिग बच्ची के शोर मचाने पर दूसरे बर्थ पर सो रहे पिता समेत अन्य यात्रियों की नींद खुल गयी और उन्होंने आरोपी युवक अभिमन्यु कुमार को पकड़ लिया। बाद में उसे गोमो स्टेशन पर रेल पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना को लेकर यात्रियों में काफी आक्रोश था। सभी गोमो स्टेशन पर उतर गये और आरोपी के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करने लगे। यात्रियों ने युवक की जमकर पिटाई भी की। यात्रियों के भारी विरोध के कारण ट्रेन तकरीबन एक घंटे तक गोमो स्टेशन पर खड़ी रही। पीड़ित परिवार हटिया से पटना जा रहा था। वहीं आरोपी अभिमन्यु कुमार भी रांची से पटना जाने के लिए उक्त ट्रेन की बी वन कोच के 31 नंबर बर्थ पर सवार था। वह बाढ़ का निवासी है। उसका बर्थ बच्ची के बर्थ के पास ही था। देर रात को जब गाड़ी गोमो स्टेशन पहुंचनेवाली थी तभी उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। उसकी हरकत देख बच्ची ने शोर मचा दिया जिस पर उसे अन्य यात्रियों ने पकड़ लिया। पीड़ित बच्ची के साथ उनके माता पिता समेत चार सदस्य ट्रेन में सफर कर रहे थे। परिजनों के बयान पर अभिमन्यु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।