शराबबंदी को महिलाओं ने मांगा पार्टियों का साथ
धनबाद : झारखंड में पूर्ण शराबबंदी का बिगुल फूंकनेवाली महिलाओं की संस्था नारी संघर्ष मोर्चा ने राजनीत
धनबाद : झारखंड में पूर्ण शराबबंदी का बिगुल फूंकनेवाली महिलाओं की संस्था नारी संघर्ष मोर्चा ने राजनीतिक दलों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। शनिवार को गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेस वार्ता में मोर्चा की अध्यक्ष चंचला देवी, सचिव साथी विश्वास और कार्यकारी अध्यक्ष प्रियंका देवी ने कांग्रेस, भाजपा, झामुमो, झाविमो समेत तमाम दलों के नेताओं से इस आंदोलन में आगे आकर सहयोग देने की अपील की। महिलाओं ने कहा कि उनका किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं है। यह पूरी तरह गैर राजनीतिक संगठन है। इसके बैनर तले 10 मई को धनबाद में कन्वेंशन का आयोजन किया गया है जिसका विषय है बिहार की तरह झारखंड में भी हो पूर्ण शराबबंदी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम को मुख्य रूप से संबोधित करेंगे। महिलाओं ने कहा कि उनकी इस कार्यक्रम में उपस्थिति पूर्ण शराबबंदी लागू करनेवाले एक साहसिक राजनेता और मुख्यमंत्री के रूप में है। इस कन्वेंशन के बाद झारखंड के विभिन्न जिलों में जाकर संगठन का विस्तार किया जाएगा और हर जिले में महिलाओं को अभियान से जोड़ा जाएगा। धनबाद समेत पूरे झारखंड में शराबबंदी को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। पूर्ण शराबबंदी की मांग को लेकर लाखों लोगों का हस्ताक्षरयुक्त आग्रह पत्र मुख्यमंत्री रघुवर दास और राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को सौंपा जाएगा।