श्मशान घाट से पुलिस ने जब्त किया महिला का शव
तोपचाची : अंतिम संस्कार के लिए बांका पुल स्थित श्मशान घाट लाए गए महिला के शव को पुलिस ने अपने कब्जे
तोपचाची : अंतिम संस्कार के लिए बांका पुल स्थित श्मशान घाट लाए गए महिला के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतका के पति को हिरासत में ले लिया। तोपचांची थाना क्षेत्र स्थित नरकोपी गांव निवासी जयराम महतो गुरुवार सुबह पत्नी तूतिया देवी का अंतिम संस्कार करने श्मशान घाट आया था। पुलिस को सूचना मिली कि पिटाई से महिला की मौत हुई है। इस तुरंत संज्ञान में लेते हुए पुलिस श्मशान घाट पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। जानकारी के अनुसार बुधवार रात किसी बात पर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। आरोप है कि जयराम ने तूतिया देवी को बेरहमी से पीटा था। पत्नी के शरीर पर जख्म के निशान भी मिले हैं। स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के क्रम में महिला ने बीच रास्ते में दम तोड़ दिया। तूतिया के पुत्र ने बताया कि घटना की रात वह घर पर नहीं था। सुबह लौटा तो दरवाजा बंद मिला। पुलिस को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार करने की कोशिश की गई, ताकि साक्ष्य नष्ट किया जा सके। पुलिस की मानें तो मारपीट से महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।