भालगोरा सैरा में डूबकर दो बच्चों की मौत
धनसार : शुक्रवार को झरिया में जहां एक ओर नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां थीं वहीं चौथाई कुल्ही थाना मोड़
धनसार : शुक्रवार को झरिया में जहां एक ओर नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां थीं वहीं चौथाई कुल्ही थाना मोड़ इलाके में मातम छाया था। यहां के दो बच्चों की मौत नहाने के दौरान बीसीसीएल भालगोरा कोलियरी के सैरा में डूबने से हो गयी।
बताते हैं कि शुक्रवार को डीएवी बनियाहीर का नौ वर्षीय छात्र साजिद व मिल्लत अकादमी का सात वर्षीय छात्र शहनवाज भालगोरा दो नंबर कोलियरी सैरा में नहाने गये थे। सैरा में पानी ज्यादा था। दोनों बच्चे नहाने के दौरान डूब गये। शाहनवाज का भाई भानू भी इन दोनों के साथ गया था। उसे दोनों ने अपने कपड़े देकर ऊपर ही बैठा दिया था। जब दोनों डूबने लगे तो भानू ने शोर मचाया। पास में ही मौजूद मनीषा नामक लड़की ने सैरा में झांका तो उसने दोनों बच्चों को डूबते देख शोर मचाया। आसपास के लोग तत्काल दौड़ पड़े। क्षेत्र के चंदन रवानी व अशोक ने दोनों को बाहर निकाला। तत्काल अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में मातम की चादर पसार दी है। मौके पर झरिया पुलिस भी गई। हालांकि सभी लोगों ने पुलिस से अपील की कि बच्चों को पोस्टमार्टम न कराया जाये। पुलिस ने लिखित लेने के बाद बच्चों का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
..
दो घरों के बुझ गये चिराग, हर आंख से निकले आंसू
धनसार : चौथाई कुल्ही के रहने वाले सोना चांदी की दुकान चलाने वाले तसव्वुर का इकलौता बेटा साजिद था। इस हादसे में उनके कलेजे का टुकड़ा मौत के आगोश में समा गया। तसव्वुर व साजिद की मां सकीना परवीन के आंख के आंसू थम नहीं रहे हैं। साजिद की बहन रानी और साना रोते रोते यही कह रहीं थी आखिर कहां गया हमारा भाई। कह गया था कि कुछ देर बाद आ रहे हैं। पर, उसकी मौत की सूचना आई। वहीं ट्रक चालक मो. आजाद के बेटे शहनवाज की मौत भी इस हादसे में हुई। आजाद व शहनवाज की मां बेबी खातून तो कई बार गश खाकर गिर गईं। बहन आफ्सा व भाई भानू के आंसू भी थम नहीं रहे हैं। पांच वर्षीय भानू तो यही कह रहा था कि भइया मेरे सामने ही डूब गया।
..
सैरा में नहीं है सुरक्षा व्यवस्था :
धनसार : भालगोरा दो नंबर कोलियरी में बना सैरा में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। उसके खुला रहने से कोई भी वहां आ जा सकता है। इसी कारण अक्सर आम लोग व बच्चे वहां नहाने भी चले जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां जाली आदि की व्यवस्था होनी चाहिये थी। ताकि कोई बाहरी आदमी वहां न जा सके। इधर भालगोरा कोलियरी के डीके मिश्रा ने बताया कि हाल में ही हमने वहां जाली व एंगल लगवाये थे। पर चोरों ने उसे काट लिया। अब हम क्या कर सकते हैं। दुबारा फिर उसे घिरवाने का प्रबंध करेंगे।
..
सैरा में हो चुकी है पांच की मौत : भालगोरा सैरा कई लोगों के लिये काल का सबब बन चुका है। पूर्व में भी यहां तीन की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को यहां दो बच्चों की मौत डूबने से हो गई। अब तक यह सैरा पांच की ¨जदगी लील चुका है।