धूम-धड़ाके के साथ भाजपा प्रत्याशी राज ने भरा पर्चा
जागरण संवाददाता, धनबाद : भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा ने बुधवार को धूम-धड़ाके के साथ नामांकन दाखिल किया
जागरण संवाददाता, धनबाद : भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा ने बुधवार को धूम-धड़ाके के साथ नामांकन दाखिल किया। सिन्हा जब धनबाद विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी एसडीएम अभिषेक श्रीवास्तव के कार्यालय में नामांकन दाखिल कर रहे थे तो पूरी जिला भाजपा एकजुट होकर बाहर खड़ी थी। खुद सांसद पीएन सिंह और जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश लाटा निर्वाची पदाधिकारी कार्यालय के अंदर तक राज सिन्हा तक गये। सिन्हा ने दो सेट में नामांकन दाखिल किया।
नामांकन दाखिल करने से पहले सिन्हा ने बुधवार सुबह सर्वेश्वरी आश्रम में जाकर पूजा-अर्चना की। सुबह 10.30 बजे जेसी मल्लिक रोड स्थित भाजपा कार्यालय से जुलूस के साथ सिन्हा एसडीएम कार्यालय के लिए निकले। इससे पहले सांसद पीएन सिंह ने जुलूस को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव झारखंड की दिशा और दशा तय करेगा। धनबाद विधानसभा समेत पूरे झारखंड में भाजपा की जीत होगी। जुलूस में शामिल भाजपाई जोश से लबरेज थे और गाजे-बाजे की धुन पर थिरक रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा का मुखौटा लगाये महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते की बन रहा था। जुलूस में भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा, सांसद पीएन सिंह, जिलाध्यक्ष हरि प्रकाश लाटा, महामंत्री चंद्रशेखर सिंह, उपाध्यक्ष संजय झा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय, महिला अध्यक्ष रीता प्रसाद, अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष शकील राणा आगे-आगे चल रहे थे। भीड़ नियंत्रित करने के लिए रणधीर वर्मा चौक बने बैरियर के समीप पुलिस बल ने जुलूस को रोक दिया। जुलूस को पीछे छोड़ सिन्हा सांसद और जिलाध्यक्ष के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए एसडीएम कार्यालय की तरफ बढ़ गए। हालांकि भाजपा नेता और समर्थक एक-एक कर एसडीएम कार्यालय परिसर पहुंच गए। भीड़ से कोर्ट परिसर पट गया। इस मौके पर युवा रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह, अमरजीत कुमार, सुनील कुमार, मनोज सिंह, उपेंद्र सिंह, संजय कुशवाहा, संतोष साव, रवि सिन्हा, नितिन भंट्ट, रामदेव महतो, राम प्रसाद महतो, विकास सिन्हा राणा सिंह, सत्येंद्र मिश्र चंद्रशेखर मुन्ना आदि उपस्थित थे।
---------------
भक्तिगीत के संग शंख की ध्वनि :
भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा के जुलूस में दो बातें खास दिखीं। एक तो जुलूस में देशभक्ति गीत बज रहे थे, वहीं इन गीतों के साथ शंख की ध्वनि भी बीच-बीच में सुनाई दे रही थी। इन गीतों के साथ भांगड़ा पार्टी के साथ महिला समर्थक जुलूस का केंद्र बिंदु बने थे। जोश से लबरेज समर्थक खुशी का इजहार करने के लिए खूब नाच रहे थे।
------
..और जुलूस में फंस गए कांग्रेस जिलाध्यक्ष
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन जुलूस के समय कांग्रेस जिलाध्यक्ष ब्रजेंद्र कुमार सिंह की कार भीड़ में फंस गई थी। ठीक रणधीर वर्मा चौक पर नामांकन के बाद राज के समर्थक ढोल-बाजे के बाद नाच गा रहे थे। तभी उनकी कार वहां पहुंच गई। करीब दस मिनट से तक उनके रुकना पड़ा। जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें देखा तो भीड़ से आगे की तरफ जाने का रास्ता दिया। इधर कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुस्की भी ली कि जिलाध्यक्ष महोदय असल में भाजपा की भीड़ देखने के लिए पहुंचे थे।
--------------
पहले दिन तीन नामांकन
धनबाद : धनबाद जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले धनबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राज सिन्हा, सिंदरी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. कृष्ण चंद्र सिंह राज और सीता देवी ने नामांकन दाखिल किया। निरसा, झरिया, टुंडी और बाघमारा विधानसभा क्षेत्र से एक भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ।