न्याय को समीना ने लगाई महिला आयोग से गुहार
जाका, झरिया : कतरास मोड़ झरिया निवासी मो. नईम की पुत्री समीना खातून ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए 4 नवम्बर 2013 को झरिया थाना में शिकायत की थी। बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। पांच मई 2014 को राज्य के पुलिस महानिदेशक रांची और राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष को पत्र देकर न्याय की गुहार लगायी है। समीना का कहना है कि चार बच्चे हैं इनकी परवरिश कैसे करूं। बुजुर्ग पिता के घर ही बोझ बनकर रह रही हूं।
पिता मो. नईम रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। बकौल समीना उसका निकाह 9 अक्टूबर 04 को बोकारो नावाडीह के तेलो गांव के रहने वाले मंजूर आलम के साथ हुआ था। ढाई लाख रुपये का सामान लड़का पक्ष को दिया गया था। पर बाद में समीना को पति और ससुराल वालों ने मालवाहक वाहन व दो लाख रुपये दहेज के लिए प्रताडि़त किया। मो. नईम ने बेटी का रिश्ता बचाने को बैंक से लोन लेकर एक छोटा मालवाहक वाहन भी खरीद कर दिया। प्रताड़ना कम नहीं हुई। एक बार तो पति ने तलाक तक दे दिया। तब पंचायत बैठी और दुबारा निकाह हुआ पर प्रताड़ना का दौर खत्म नहीं हुआ। प्रताड़ना में समीना ने ननद और ननदोई पर भी प्रताडि़त करने आरोप लगाया है।