नक्सली गणेश व पिंटू पर एक-एक लाख का ईनाम
देवघर : देवघर पुलिस ने उग्रवादियों व शातिर अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है। यहां के
देवघर : देवघर पुलिस ने उग्रवादियों व शातिर अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है। यहां के कई अपराधियों पर ईनाम की घोषणा की गई है। ईनामी अपराधियों की नई सूची में दो नक्सली व चार अपराधी शामिल हैं। इनमें से दो की पहले से गिरफ्तारी हो चुकी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नक्सली पिंटू राणा व गणेश मांझी पर एक-एक लाख का ईनाम है। पिंटू राणा के खिलाफ जसीडीह थाने में पुल बना रही कंपनी केके कंस्ट्रक्शन के कर्मियों को अगवा करने व लेवी मांगने का मामला दर्ज है। पिंटू राणा गिरिडीह, जमुई व बांका जिले में संगठन का संचालन कर रहा है। वहीं गणेश मांझी प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेपीसी के नाम पर लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय है। उसे पुलिस काफी समय से तलाश रही है लेकिन अब तक वह पकड़ से बाहर है। चार सक्रिय अपराधी एंकर दास, उस्मान अंसारी, अजय मंडल व हसमत अंसारी पर भी ईनाम की घोषणा की गई है। एंकर पर एक लाख व अन्य तीनों पर 50-50 हजार ईनाम रखा गया है। उस्मान, एंकर व हसमत हत्या, लूट, हथियार व जाली नोट के कारोबार से जुड़े हैं। एंकर व उस्मान को देवघर पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं हसमत की तलाश जारी है। इनके अलावा अजय मंडल डकैती, सड़क लूट, बैंक डकैती के मामलों में वांछित है। जानकारी हो कि पूरे जिले में सक्रिय रूप से अपराधियों का प्रोफाइल तैयार किया गया है। इनकी रिपोर्ट सरकार को भेजी गई है। इसी आधार पर ईनाम की घोषणा की गई है।
वर्जन....
सभी छह अपराधियों पर ईनाम रखा गया है। इसके लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। जो अपराधी अब तक फरार हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है।
ए विजयालक्ष्मी, एसपी देवघर