स्टांप की कालाबाजारी पर लगेगी रोक
देवघर : अब लाखों का स्टांप एक ही पेज पर उपलब्ध रहेगा। पांच से लेकर पांच लाख या ऊपर की राशि के स्टांप
देवघर : अब लाखों का स्टांप एक ही पेज पर उपलब्ध रहेगा। पांच से लेकर पांच लाख या ऊपर की राशि के स्टांप के लिए एक ही पेज काफी है। सोमवार को नन ज्यूडिशियल ई-स्टांप की बिक्री प्रधान डाकघर देवघर में शुरू हो गई। भारतीय डाक सेवा, झारखंड परिमंडल रांची के डाक महाध्यक्ष अनिल कुमार ने नई सेवा का शुभारंभ करते हुए कहा कि ज्यूडिशियल ई-स्टांप की बिक्री भी शीघ्र यहां शुरू कर दी जाएगी। चाहे कितनी भी राशि का स्टांप चाहिए एक ही पेज पर प्रिंट हो जाएगा। स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, झारखंड सरकार व डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट की ओर से इसकी शुरूआत की गई है। इसके तहत जैसे ही कोई स्टांप खरीदने आएगा, डाकघर का सर्वर स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन के सर्वर से जुड़ जाएगा। स्टांप लेने के साथ ही आवश्यक जानकारी झारखंड सरकार के सर्वर पर पहुंच जाएगी।
कमीशनखोरी पर लगेगी रोक
डाक महाध्यक्ष ने कहा कि स्टांप नासिक में छपता है, इसके बाद यहां लाने व वितरण में काफी खर्च होता है। इसमें सरकार की ओर से एजेंट को खर्च दिया जाता है। ये सारे खर्च बच जाएंगे। कमीशनखोरी पर अंकुश लगेगा। अनुपलब्धता में जरूरत दस की जगह सौ रुपए का स्टांप लेने की जहमत नहीं उठानी पड़ेगी। साथ ही स्टांप नहीं उपलब्ध होने की समस्या पर पूरी तरह से विराम लग जाएगा।
मुनाफे में सिर्फ झारखंड राज्य
अनिल कुमार ने बताया कि भारतीय डाक सेवा के तहत पहली बार मुनाफे का कारोबार हुआ है। एकमात्र झारखंड सर्किल ने पहली बार 26.11 करोड़ का मुनाफा दिया है। इसमें संताल परगना डिवीजन का अहम योगदान है। इसके लिए संताल परगना प्रमंडल के वरीय डाक अधीक्षक सत्यकाम के अलावा प्रधान डाकघर के सिस्टम मैनेजर शिव किरण व ग्रामीण डाकघर मंडरो की निशा सिंह को संचार मंत्री की ओर से सम्मानित किया गया है, जो गौरव की बात है। इस मौके पर वरीय डाक अधीक्षक सत्यकाम, शांतनु आजाद व पोस्टमास्टर मनोज कुमार साह सहित अन्य डाककर्मी मौजूद थे।