पुलिस के हत्थे चढ़ा तेल चोर गिरोह का सरगना
देवघर : हलदिया-बरौनी पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी करने वाले गिरोह का सरगना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सोम
देवघर : हलदिया-बरौनी पाइपलाइन से कच्चा तेल चोरी करने वाले गिरोह का सरगना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। सोमवार को एसपी ए विजयालक्ष्मी ने बताया कि सारवां थाना प्रभारी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर वांछित अपराधी शंभू दास उर्फ शंभू वर्णवाल उर्फ शंभू सिंदुरिया को पुलिस ने पकड़ लिया। वह मूल रूप से बिहार के चकाई थाना अंतर्गत बीचकोड़ा गांव का रहने वाला है और फिलहाल बलियाचौकी के पास रह रहा था।
एसपी ने बताया कि उसके खिलाफ देवघर जिले के विभिन्न थानों में 20 मामले दर्ज हैं। इसमें से जसीडीह थाना में तेल चोरी के आठ, देवीपुर थाना में एक, मोहनपुर में तीन, सारवां में तीन, कुंडा में दो व पालोजोरी में तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे काफी समय से तलाश रही थी। उसके खिलाफ 30 हजार के ईनाम के लिए पुलिस मुख्यालय को भेजा गया था। उसका नाम पुलिस मुख्यालय से फरार अपराधियों की विशेष सूची में भी शामिल है। पूछताछ के दौरान उससे कारोबार के बारे में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं। उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी मिली है। पिछले वर्ष इस गिरोह के मुखिया परमवीर यादव व उसके साथियों को पकड़ा गया था। पुलिस दबिश का ही नतीजा है कि जिले में तेल चोरी के मामलों में कमी आई है। यह देवघर पुलिस के लिए अहम उपलब्धि है। पत्रकारों से बातचीत के दौरान एसडीपीओ दीपक कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर एसके महतो, आरके सिन्हा, सारवां थाना प्रभारी अरविंद कुमार, राजेश प्रसाद उपस्थित थे।
कई राज्यों में फैला है जाल
इस गिरोह का जाल कई राज्यों में फैला हुआ है। गिरोह के सदस्य पाइपलाइन से तेल चोरी कर उसे कारखानों, ईंट भट्टा आदि में सप्लाई करते है। ये चोर पाइप लाइन में वाल्व लगा देते हैं। फिर रात के अंधेरे में टैंकर की मदद से वहां से तेल निकला लेते हैं। इस कारोबार में संगठित गिरोह काम कर रहा है। वाल्व लगाने, जगह की पहचान करने, तेल चोरी करने व उसे बाजार में बचने के लिए अलग-अलग लोग लगे हैं। इस चोरी से इंडियन ऑयल को भारी नुकसान हो रहा है।