मजहब से नहीं जोड़ा जा सकता आतंकवाद: साक्षी महाराज
भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण के साथ ही भ्रष्टाचार व कांग्रेस मुक्त भारत का जो आह्वान किया था उसमें दो साल के अंदर ही सफल हो गये।
जासं, मधुपुर [देवघर]। भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण के साथ ही भ्रष्टाचार व कांग्रेस मुक्त भारत का जो आह्वान किया था उसमें दो साल के अंदर ही सफल हो गये। रविवार को भाजपा नेता अरुण गुटगुटिया के आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए साक्षी महराज ने कहा कि देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से विकास कर रहा है। 50-60 ऐसी योजनाएं चलाई जा रही है जिससे गरीब, उपेक्षित, पिछड़े वर्ग के लोगों के विकास के साथ-साथ पूरे देश की दिशा बदलने वाली है।
उन्होंने कहा कि जेहाद के नाम पर अब तक 27 लाख मुसलमानों का कत्लेआम किया जा चुका है। इसलिए आतंकवाद को किसी भी मजहब से जोड़कर नहीं देखा जा सकता।
उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि पूरी दुनिया मोदी की मुरीद है। लेकिन अपने ही देश में केजरीवाल और कांग्रेस मोदी की डिग्री मांगते हैं। मोदी सरकार दो साल का हिसाब देते हुए देश में विकास पर्व मना रही है। गरीबों के लिए दो लाख का बीमा, 375 रुपये में जीवन ज्योति बीमा, जन-धन योजना के तहत 23 करोड़ खाता एवं 36 हजार करोड़ जमा होना अच्छे दिन की निशानी नहीं है तो क्या है?
मोदी सरकार दो साल के कार्यकाल की उपलब्धि यह रही कि इसमें कोई घोटाला नहीं हुआ। जबकि कांग्रेस की देन दस हजार करोड़ की घाटे को मोदी सरकार ने संतुलित कर दिया।
कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के सवाल पर कहा कि पार्टी का सेवक हूं जहां उपयोग करेंगे अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन करूंगा। मौके पर नप अध्यक्ष संजय यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष हेमंत नारायण सिंह, सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।