गांव की सरकार चुनने मतदाता रहे आतुर
करौं (देवघर) : सुबह को फैली कोहरे की चादर से ठंड का अहसास तो हुआ, लेकिन जब बात गांव की सरकार चुनने क
करौं (देवघर) : सुबह को फैली कोहरे की चादर से ठंड का अहसास तो हुआ, लेकिन जब बात गांव की सरकार चुनने की रही तो मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने कर्तव्य को पूरा किया। मतदान शुरू होने के सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की भीड़ उमड़ने लगी। दिन के नौ बजे तक प्रखंड में मतदान का प्रतिशत 15 तक पहुंच गया। धूप खिलने के साथ मतदान का प्रतिशत बढ़ने लगा। 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत 47 तक पहुंच चुका था। एक बजे तो प्रतिशत 70 हो गया।
निर्वाची पदाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि कुल 53 हजार 494 मतदाताओं के लिए 177 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिप के दो, पंसस के 18, मुखिया के 14 और वार्ड सदस्यों के 136 प्रत्याशियों के लिए मतदान हुआ। मतदाताओं की सहूलियत के लिए उड़नदस्ता दल गश्ती करता रहा। अधिकांश मतदान केंद्रों पर पुलिस बलों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। कई मतदाता अपना केंद्र खोजते देखे गए। जिससे इन्हें बेवजह काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मतदान के लिए सबसे ज्यादा आधी आबादी में उत्साह देखा गया। कई केंद्रों पर पुरुषों की तुलना में महिलाओं की लंबी कतार देखी गई। वहीं युवा भी लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने में पीछे नहीं रहे।
ग्रामीणों में झड़प, दो हिरासत में: प्रखंड मुख्यालय के मतदान केंद्र संख्या 159, 160, 161 व 164 में दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद बूथ पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। मीरा देव्या (71) गिर पड़ी। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव उत्पन्न हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद निर्वाची पदाधिकारी और थाना प्रभारी सुकरू उरांव दलबल के साथ पहुंचे और भीड़ को हटाया। इस दौरान मुखिया प्रत्याशी पति मंटू मंडल और महेश्वर मंडल को हिरासत में लिया गया। हालांकि दोनों को बाद में छोड़ दिया गया।
तीन केंद्रों पर 90 फीसद से अधिक मतदान: प्रखंड के तीन मतदान केंद्रों पर 90 फीसद से अधिक मतदान हुआ। मतदान केंद्र संख्या 24 उप्रावि भवन में 97, केंद्र संख्या 25 के उप्रावि माधोपुर में 90 व उप्रावि भवन लालगढ़ मुस्लिम टोला में 91 फीसद मतदान किया गया।