अवैध हथियार का कारोबार बढ़ा
जागरण संवाददाता, देवघर : देवघर में अवैध हथियार का कारोबार बढ़ता ही जा रहा है। यहां अधिकतर हथियार
जागरण संवाददाता, देवघर : देवघर में अवैध हथियार का कारोबार बढ़ता ही जा रहा है। यहां अधिकतर हथियार बिहार के मुंगेर जिले से यहां लाए जाते हैं। इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है। गिरोह यहां के अराजक तत्वों को मुंगेर में बना हथियार व गोली मुहैया करा रहा है। हालांकि देवघर में भी अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा है। यहां के मार्गोमुंडा थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव में एक कारोबार चल रहा है।
हैरानी की बात है कि तीन बार यहां इस कारोबार का खुलासा हुआ। बावजूद इसके फिर से वहीं काम शुरू कर दिया गया। यहां के कारोबार के पीछे उसमान मियां का नाम सामने आया। पिछले दिनों मधुपुर स्टेशन पर काफी संख्या में अर्धनिर्मित पिस्तौल जब्त किए गए। इसके तार किशनपुर से जुड़े बताए गए। इसके अलावा शिवगंगा पर हथियार के साथ पकड़े गए युवकों ने कबूल किया कि उनके अन्य साथियों के पास भी हथियार रहते हैं। उन्होंने उस व्यक्ति का नाम भी बताया जिसने उन्हें हथियार मुहैया कराया है। उस व्यक्ति का नाम पहले भी इस कारोबार में सामने आया है। देवघर में युवाओं का एक वर्ग ऐसा भी है जिसे हथियार रखने का क्रेज हो गया है। छोटी-छोटी बात पर वे हथियार निकाल लेते हैं। कई बार हवा में गोली भी चला देते हैं। ऐसे युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है और ये पुलिस के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही है।
-----------------
जो लोग इस कारोबार में संलिप्त हैं उनकी पहचान की जा रही है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जहां तक मधुपुर स्टेशन पर बरामद पिस्टल की बात है तो जीआरपी के सहयोग से उसका पता लगाया जा रहा है।
पी मुरूगन, पुलिस अधीक्षक