जंगल में बन रहे चेकडैम पर सवाल
सारठ (देवघर) : प्रखंड के ठाढ़ी पंचायत के बरमसोली जंगल में वन विभाग लाखों की लागत से चेकडैम बनवा रही
सारठ (देवघर) : प्रखंड के ठाढ़ी पंचायत के बरमसोली जंगल में वन विभाग लाखों की लागत से चेकडैम बनवा रही है। निर्माण कार्य ऐसी जगह पर जारी है जहां आसपास पानी की एक बूंद भी नहीं है। स्थल पर निर्माण से संबंधित सूचनापट्ट भी नहीं है। विभागीय अधिकारी भी निर्माण कार्य देखने की जहमत नहीं उठा रहे। मजदूरों को मानें तो चितरा से फॉरेस्टर प्रमोद कुमार एवं वनरक्षी महावीर महतो कभी-कभी स्थल पर आते हैं। उनसे कार्य की जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो वे कुछ भी स्पष्ट कहने से कतरा गए।
ग्रामीण सहदेव महतो, उपेंद्र कुमार, बलदेव महतो, बालेश्वर मंडल, सुभाष महतो, शालिग्राम महतो, महेंद्र महतो आदि ने बताया कि सिर्फ सरकारी राशि की बंदरबांट को ध्यान में रखकर निर्माण यहां कराया जा रहा है। अनियमित तरीके से कार्य हो रहा है। जंगल में चेकडैम का निर्माण समझ से परे है। मजदूर बदोली हेम्ब्रम, सोनिया हेम्ब्रम, महेंद्र महतो, प्रदीप महतो आदि ने बताया कि निर्धारित दर के अनुरूप भुगतान नहीं किया जा रहा है।