बंद को सफल बनाने में सबका सहयोग : जयप्रकाश
देवघर : राष्ट्रीय जनता दल से बांका संसदीय क्षेत्र के सांसद जयप्रकाश यादव ने कहा कि सोमवार को दिल्ली
देवघर : राष्ट्रीय जनता दल से बांका संसदीय क्षेत्र के सांसद जयप्रकाश यादव ने कहा कि सोमवार को दिल्ली की हुकूमत द्वारा लाए गए काला कानून के खिलाफ सभी विपक्षी दल के सहयोग से चक्का जाम किया जाएगा।
रविवार को परिसदन में श्री यादव ने बताया कि भूमि अधिग्रहण बिल को किसी भी सूरत में लागू नहीं होने दिया जाएगा। देवघर नगर निगम चुनाव के लिए जारी मतदाता सूची में पायी गयी त्रुटि के बाबत कहा कि इसके लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त, मुख्य निर्वाचन आयुक्त से भी बात करेंगे। मौके पर पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, राजद जिलाध्यक्ष नित्यानंद केसरी उपस्थित थे।
उधर मधुपुर में पत्रकारों से बात करते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, एक भारत श्रेष्ठ भारत के तमाम नारों से ही देश का विकास नहीं हो सकता है। सभी जाति, धर्म को साथ लेकर चलने से विकास होगा। झारखंड के खनिज संपदा पर व्यवसायियों की नजर है। आरएसएस के एजेंडे पर भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। इसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने देवघर में सड़क हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपया मुआवजा देने की मांग प्रदेश सरकार से की। इस दौरान सुरेंद्र रवानी, रंजीत यादव आदि उपस्थित थे। जानकारी हो कि सोमवार को तमाम विपक्षी पार्टियों ने भूमि अधिग्रहण बिल के विरोध में झारखंड बंद का ऐलान किया है।