लापता महिला का मिला शव, युवक का सुराग नहीं
देवघर : मंगलवार से लापता एक महिला का शव बुधवार को सीमावर्ती बिहार जमुई जिला के चंद्रमंडी थाना क्षेत्
देवघर : मंगलवार से लापता एक महिला का शव बुधवार को सीमावर्ती बिहार जमुई जिला के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र के बसबुटिया जंगल में पेड़ से लटकता हुआ मिला है। मृतका मीना रानी इंदी जामताड़ा जिले नारायणपुर थाना अंतर्गत चैनपुर गांव की रहनेवाली है। हालांकि उसके साथ गायब उनके दामाद संतोष नंदी उर्फ गोल्डन का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
वह सीमावर्ती बिहार के बांका जिला के जयपुर थाना क्षेत्र का रहनेवाला है। संतोष दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र के कोठिया में एक मिठाई दुकान में काम करता था। जानकारी के मुताबिक मीना की समधन का बेटा जनवरी माह में देवघर जिले के चितरा थाना क्षेत्र निवासी एक दूसरी जाति की लड़की को लेकर फरार हो गया। इस सिलसिले में मामला दर्ज किया गया। जिसमें मीना की समधन देवघर जेल में बंद है। मीना अपने दूसरे दामाद संतोष से मिलने कोठिया पहुंची थी। वहां से मीना मंगलवार को देवघर जेल समधन से मिलने सुबह आठ बजे निकली। दिन में करीब एक बजे संतोष की अपनी पत्नी से बात हुई थी। उसकी पत्नी के मुताबिक उसने कहा कि वे देवघर में स्टैंड पर है और गाड़ी पकड़कर आ रहा है। उसने मछली बनाने की भी बात कही थी। इस बीच अचानक बात करते-करते कनेक्शन कट गया। उसके बाद से संतोष का मोबाइल जिसका नंबर 8292571872 है स्वीच आफ आ रहा है। ये लोगों आज सुबह देवघर नगर थाना भी पहुंचे थे लेकिन पुलिस ने बात को गंभीरता से नहीं लिया। इस दौरान चंद्रमंडी थाना क्षेत्र में शव मिलने की सूचना पर वे वहां पहुंचे और शव की पहचान मीना रानी इंदी के तौर पर की। हालांकि अब तक संतोष का कोई अता-पता नहीं हैं। किसी अनहोनी की आशंका से घर में सभी लोग काफी परेशान हैं।
वहीं इस बारे में देवघर एसपी पी मुरुगन ने जांच करने की बात कही है। ये मामला बिहार व झारखंड के चार जिला के छह थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण काफी पेंचीदा लग रहा है। चंद्रमंडी पुलिस ने आशंका जतायी है कि मीना की हत्या कर शव को वहां लटका दिया गया। हालांकि ये हत्या है या आत्महत्या ये स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहां की पुलिस को शव के पास मिले पर्स से बरामद वोटर आई कार्ड से उसके बारे में पता चला है। ये दोनों मंगलवार को देवघर से ही गायब हुए ये भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इसका पता संतोष के मोबाइल के अंतिम लोकेशन से मिल सकता है।