दीपों की रोशनी से जगमगाया कोयलांचल
बेरमो : प्रकाश पर्व दीपावली गुरुवार की रात पूरे बेरमो कोयलांचल में मनाया गया। जलते दीयों से कोयलांचल
बेरमो : प्रकाश पर्व दीपावली गुरुवार की रात पूरे बेरमो कोयलांचल में मनाया गया। जलते दीयों से कोयलांचल जगमगाया। इस बार पटाखे की धमक कम सुनाई दी, उसकी जगह फुलझडि़यों की रंगबिरंगी झिलमिल से क्षेत्र आलोकित होता रहा। मां लक्ष्मी एवं श्रीगणेश की पूजा जहां घरों एवं दुकानों में हुई, वहीं दुकानों में खाता-बही की भी पूजा कर उस पर ऋद्धि-सिद्धि लिखा गया। इसके साथ ही कुबेर महाराज के प्रवेश के लिए लोगों ने रातभर दुकानों एवं मकानों के दरवाजे खुले रखे।
फुसरो, करगली, दुग्दा, तेलो, भंडारीदह, चंद्रपुरा, जरीडीह बाजार, संडेबाजार, कथारा, जारंगडीह, गोमिया, ललपनिया, साड़म, बोकारो थर्मल, नावाडीह, कुरपनिया, अंगवाली, चांपी, तेनुघाट आदि क्षेत्र की दुकानों एवं घरों में गणेश-लक्ष्मी की पूजा हुई। दीये व मोमबत्ती जलाने की होड़ मची रही। लोगों ने फुलझड़ी भी खूब जलायी। जलते दीये से पूरा कोयलांचल आलोकित होता रहा। दीपोत्सव के मस्ती भरे माहौल का मजा लेने में युवाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लोगों ने शाम ढलते ही घरों में दीप जलाया और रात को मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की।