डिजीटल इंडिया पर फोकस कर रहा सूचना मंत्रालय
देवघर : सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय डिजिटल इंडिया पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर रहा है। वहीं केबल ऑपरेटर एवं दूरदर्शन केंद्र के अधिकारियों के बीच समन्वय बनाने की पहल की जा रही है। शुक्रवार को दूरदर्शन रिले केंद्र के कार्यालय परिसर में केबल ऑपरेटर संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एके रस्तोगी ने कहा कि केबल पर दूरदर्शन के चैनल को प्राइम बैंड पर रखने को कहा गया है।
देशभर में सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर चेतना यात्रा में निकले डॉ. रस्तोगी ने केंद्र के अधिकारी एवं स्थानीय केबल ऑपरेटर के साथ बैठक कर मंत्रालय के बदले कामकाज से अवगत कराया। कहा गया कि हर हाल में प्राइम बैंड पर वन टू फाइव दूरदर्शन का चैनल होगा। इसमें किसी प्रकार की दखलंदाजी नहीं होगी।
बैठक में डिजिटलाइजेशन के सपना को साकार करने के सरकारी प्रयासों पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि आनेवाले समय में देश में ही सेटअप बॉक्स का निर्माण होगा जिससे विदेशी मुद्रा सुरक्षित होगा। जानकारी के मुताबिक देशभर में सोलह करोड़ टीवी के उपभोक्ता हैं, अभी तक विदेश से सेटअप बॉक्स आता था, जिससे मुद्रा विदेश चली जाती थी। सरकार इस नजरिये से देख रही है। बैठक में सहायक अभियंता दूरदर्शन केंद्र बोकारो संजीव कुमार, रिले केंद्र देवघर के अभियंता आशुतोष कुमार, विमल कुमार, शेखर सिन्हा, आलोक कुमार, पुष्कर कुमार व शिव शक्ति सेटेलाइट के प्रोपराइटर कार्तिक ठाकुर, लाल झा एवं अन्य ने भाग लिया। बता दें कि अब हर महीने केबल ऑपरेटर के कार्यों की समीक्षा रिले केंद्र में होगी।