बजरंगी महथा की गिरफ्तारी पर अड़े डॉक्टर
देवघर : बजरंगी महथा के खिलाफ नगर थाने में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। ये मामला डॉ. नवलकिशोर के बयान पर दर्ज किया गया है। दर्ज मामले में डॉ. नवल ने कहा है कि वे 14 सितंबर की रात अस्पताल में ड्यूटी कर रहे थे। उस दौरान बजरंगी महथा व 10-15 लोग वहां आए थे। वे लोग ड्यूटी रोस्टर व उपस्थिति पंजी मांगने लगे। नहीं देने पर हंगामा करने लगे। इस कारण मरीजों के इलाज में परेशानी हुई। ड्यूटी कर रही एएनएम गीता मरांडी भाग गई। इन्हीं कारणों से मामला दर्ज कराया गया है।
सड़क पर उतरे डॉक्टर
अस्पताल में एक के बाद कई घटनाओं के कारण बुधवार को सदर अस्पताल में आइएमए के बैनर तले डॉक्टरों की बैठक हुई। डॉक्टरों ने सिविल सर्जन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की बात कही। अगर ऐसा नहीं होता है तो काम करना संभव नहीं होगा। इस दौरान डॉक्टरों के साथ अस्पताल के अन्य स्टाफ भी मौजूद थे और सभी ने ड्यूटी के दौरान सुरक्षा के प्रति चिंता जाहिर की। इसके बाद डॉक्टर पैदल ही उपायुक्त से मिलने पहुंचे। वहां अपनी बात रखी और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की। वहां से ये डॉक्टर नगर थाना पहुंच गए। यहां मामला दर्ज होने व कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद डॉक्टरों का आक्रोश कम हुआ।
गिरफ्तारी के लिए बढ़ाया दबाव
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डॉक्टरों व कर्मियों ने दबाव बढ़ा दिया है। इसके तहत गुरुवार की देर शाम सदर अस्पताल स्थित आइएमए हाल में डॉक्टरों व कर्मियों की बैठक हुई। इसमें बजरंगी की गिरफ्तारी पर चर्चा हुई। सभी का मत था कि आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो। अगर ऐसा नहीं होता है तो हड़ताल की जाएगी। इस सिलसिले में उपायुक्त से भी संपर्क करने की बात कही गई। कहना था कि आश्वासन के बावजूद उसकी अब तक गिरफ्तारी नहीं होना चिंता का विषय है।
इस बारे में पूछे जाने पर थाना प्रभारी नूनूदेव राय ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उम्मीद है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले में गंभीरता से काम कर रही है।