खेल दिवस पर विद्यालय में संगोष्ठी व क्विज
देवघर : विवेकानंद शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान तथा योगमाया मानवोत्थान ट्रस्ट की ओर से शुक्रवार को सुप्रभा शिक्षास्थली में खेल दिवस मनाया गया। इस मौके पर संगोष्ठी के अलावा क्विज में छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
क्विज में प्रिंस व अभिनव की जोड़ी ने बाजी मारी, जबकि प्रशांत व दीनबंधु को दूसरे तथा गौरव व राजेश की जोड़ी को तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। इसके पूर्व ध्यानचंद और भारत विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि जिला खेल प्राधिकरण के सचिव युधिष्ठिर राय ने कहा कि ध्यानचंद न केवल हॉकी के जादूगर बल्कि देश का गौरव भी हैं। उनकी प्रतिभा को देखकर ही अंग्रेज अधिकारी ने उनका नाम ध्यान सिंह से ध्यानचंद कर दिया। इस दौरान संस्थान के केन्द्रीय अध्यक्ष प्रदीप सिंह देव व विद्यालय के निदेशक प्रेम कुमार ने भी ध्यानचंद की जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस मौके पर आकांक्षा शुक्ला, वत्सला सिन्हा, रिमझिम बागची व बेबी कुमारी ने गीत की प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रवीण कुमार, चन्द्रहास मिश्र, निरंजन कुमार आदि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।