डकैती कांडों का खुलासा, सात गिरफ्तार
देवघर : पिछले दिनों कुंडा थाना क्षेत्र में हुई दो डकैती कांडों में शामिल सात बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक पिस्तौल, एक गोली, सेंधमारी व ग्रिल काटने का औजार बरामद किया गया है। एसपी राकेश बंसल ने बताया कि इन बदमाशों ने कुंडा थाना क्षेत्र के ज्योति नगर इलाके में सीआरपीएफ जवान नीरज कुमार व शहीद आश्रम निवासी महादेव सिंह के यहां हुई डकैती कांड में हाथ होने की बात कबूल ली है। पकड़े गए बदमाश कुख्यात हाजरा गिरोह के सदस्य हैं। इनमें से प्रभु हाजरा, अशोक हाजरा, रोहित हाजरा सारवां थाना क्षेत्र के तेलियाडीह गांव के रहनेवाले हैं। वहीं मोहन यादव, राजेश यादव मोहनपुर थाना क्षेत्र, कोदो महतो सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र व देवेंद्र हाजरा तालझारी थाना क्षेत्र के निवासी है। इनमें से एक बदमाश सीमावर्ती बिहार के कटोरिया थाना क्षेत्र में हुई सड़क लूटकांड में भी शामिल रहा था।
बताया जाता है कि ये मोहनपुर थाना क्षेत्र में घटना को अंजाम देने गए थे। लेकिन सफल नहीं हुए और लौटने के क्रम में इन लोगों ने पांच बकरी चुरा ली। रात को इन लोगों पर पुलिस गश्ती दल की नजर पड़ी। तलाशी के दौरान पिस्तौल, गोली व अन्य औजार बरामद हुए। एसपी ने बताया कि ये लोग चोरी या लूट का गहना किन लोगों के पास बेचते हैं इस बारे में भी पता चला है। इसकी छानबीन की जा रही है। ऐसे लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
मजदूर बनकर करते हैं रेकी
एसपी राकेश बंसल ने बताया कि ये शातिर बदमाश हैं। दिखाने के लिए मजदूर के तौर पर काम करते हैं। ये उन इलाकों की काम के दौरान रेकी करते हैं। बाद में उसी घर में हाथ भी साफ कर लेते हैं। हाल में हुई घटनाओं को भी कुछ इसी अंदाज में अंजाम दिया गया था। ऐसे में ये सावधानी बरतने की जरूरत हैं कि घर में काम करनेवाले मजदूर व मिस्त्री की पूरी जानकारी हो और अंजान लोग काम न करें।