ज्योत के साथ दो दिवसीय महोत्सव शुरू
मधुपुर : अमर कैलाश त्रिपुर धाम मंदिर प्रांगण में स्थित राणी सती दादीजी के मंदिर में दो दिवसीय भादो महोत्सव रविवार शाम ज्योत के साथ आरंभ हुआ। सोमवार सुबह पूजा-अर्चना व संध्या बेला में भजन-कीर्तन के साथ महोत्सव का समापन होगा। रविवार को मंदिर में पारंपरिक तरीके से पूजा-अर्चना की गयी। भक्ति का वातावरण बना हुआ है। इस अवसर पर मंदिर को रंगबिरंगी रोशनी से व दादीजी की प्रतिमा को फूलों से दुल्हन की तरह सजाया गया। पूजा-अर्चना, अलौकिक श्रृंगार एवं ज्योति दर्शन के लिए श्रद्घालुओं का तांता लगा रहा। पूजा में ला-ओपाला आरजी लिमिटेड के सीनियर पर्सनल मैनेजर कमल कुमार त्रिपाठी ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया। मंदिर पुजारी कौशलेंद्र मिश्र ने पूरे विधि-विधान के साथ अनुष्ठान संपन्न कराया।
दूसरी ओर डालमिया परिवार द्वारा कुलदेवी नानू सतीजी का वार्षिक पूजनोत्सव रविवार रात स्थानीय डालमिया धर्मशाला में भक्तिमय माहौल में संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने नानू सती के सजे आकर्षक दरबार का दर्शन किया। आचार्य बलदेव पांडेय ने मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न करायी। आरती के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। भजन संध्या कार्यक्रम में धनबाद से आई गायिका पम्मी व राधेश्याम अग्रवाल ने भजन की प्रस्तुति कर सबका मन मोह लिया। मुख्य यजमान मनोज डालमिया ने अनुष्ठान संपन्न कराया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अमरनाथ डालमिया, दीपक डालमिया, अशोक डालमिया, पवन डालमिया, विजय डालमिया, दिनेश डालमिया आदि ने सराहनीय भूमिका निभाई।