राष्ट्रीय गौरव ग्रामसभा पुरस्कार के लिए हुआ चयन
देवघर : पंचायती राज की ओर से पंचायतों को सशक्त करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार का भी प्रावधान रखा गया है। केंद्र सरकार ने तय किया है कि हर एक प्रदेश से एक पंचायत को राष्ट्रीय गौरव ग्रामसभा पुरस्कार दिया जाएगा। बुधवार को विकास भवन में प्रखंडों से आए प्रस्ताव पर कमेटी ने विचार किया। उपायुक्त की अध्यक्षतावाली कमेटी में सदस्य सचिव जिला पंचायती राज पदाधिकारी व सात सदस्य हैं। इसमें दो मनोनित हैं।
प्रत्येक प्रखंड से एक-एक पंचायत का प्रस्ताव मांगा गया था जिसमें देवघर, मोहनपुर, देवीपुर, मधुपुर, मारगोमुंडा, करौं एवं सारठ से आए प्रस्ताव पर विचार हुई। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी ही अंक दर्ज कर जिला कमेटी के पास भेजते हैं। कमेटी को अंक काटने का अधिकार है पर अंक जोड़ने का नहीं। देवीपुर प्रखंड के रामूडीह पंचायत का सबसे बेहतर प्रस्ताव आया है। इसमें बीडीओ ने 100 में 95 अंक दिया है। इसी आधार पर राज्य को उपायुक्त की ओर से अनुशंसा की जाएगी। बता दें कि गत वर्ष 10 लाख का पुरस्कार पंचायत को मिला था। मुखिया को प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। दी गयी राशि से ग्राम सभा द्वारा योजना चयन कर विकास कार्य करना होता है।