मृत कांवरिया की हुई पहचान
देवघर : कांवरिया पथ के मोहनपुर थाना अंतर्गत खिजुरिया जंगल के पास मंगलवार को पलाश के पेड़ से लटके 60 वर्षीय कांवरिया के शव की पहचान हो गई है। उसके परिजन शनिवार देर रात देवघर पहुंचे और थाना से संपर्क किया। तस्वीर देखकर शव की पहचान की। मृतक की पहचान निमाय दुलई के तौर पर हुई है। वह पं. बंगाल के सिउड़ी का रहनेवाला बताया जाता है। उसके चचेरे भाई दुध कुमार दुलई ने आशंका जतायी है कि उसकी हत्या कर शव को टांग दिया गया। उसने बताया कि उसके इलाके का एक व्यक्ति पूजा करने आया था। वह यहां से अखबार लेकर गया जिसमें इस बाबत खबर छपी थी। इसी खबर के आधार पर पता करते हुए वे लोग यहां पहुंचे और शव की पहचान की। जानकारी हो कि शव के पास से एक छोटा बैग मिला था जिसमें पं. बंगाल के सिउड़ी जंक्शन से सुल्तानगंज तक का रेल टिकट व पैसा मिला था। साथ ही एक प्लास्टिक का बैग भी था जिस पर सिउड़ी, दुबराजपुर मोड़, जिला वीरभूम, पं. बंगाल अंकित था। शव किसी ग्रामीण ने देखी थी और सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी इसे पुरानी दुश्मनी के कारण हत्या मानकर जांच कर रही है। अब जबकि उसकी पहचान हो गई है तो उसके परिवारवालों से पूछताछ की जा रही है।