आधे घंटे में भूकंप के दो झटके, सड़क पर निकले लोग
चतरा : धरती डोलने की घटना से शनिवार को लोग हलाकान और परेशान रहे। 33 मिनटों के दौरान भूकंप के दो झटक
चतरा : धरती डोलने की घटना से शनिवार को लोग हलाकान और परेशान रहे। 33 मिनटों के दौरान भूकंप के दो झटके आए। पहली घटना 11:45 बजे घटी। ठीक इसके 33 मिनट के बाद अर्थात 12:18 मिनट पर दूसरी बार धरती डोली। हालांकि पहली बार की अपेक्षा दूसरी बार का कंपन कम था। भूकंप के इन झटकों के बाद लोग सहम गए और घरों से निकल कर सड़क एवं मैदान में चले गए। लोग घंटों तक इन स्थानों पर जमे रहे। हालांकि स्थिति तुरंत सामान्य हो गई। लेकिन इसी बीच अफवाह का बाजार गर्म होने लगा। लगातार दो बार भूकंप के झटकों के कारण लोग यह अनुमान लगाने लगे कि फिर धरती डोलेगी। लेकिन यह महज अफवाह साबित हुआ। फिर लोग घरों को वापस लौटने में हिचक रहे थे। सरकारी कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थाओं के अधिकारी, कर्मी एवं बच्चे भी भयभीत नजर आए। विकास भवन के सभी कर्मी कार्यालय छोड़कर बाहर आ गए थे। हालांकि कुछ क्षणों के बाद स्थिति सामान्य हो गई और लोग अपने-अपने स्थान पर पहुंच कर कार्यो के निष्पादन में जुट गए। पहला झटका करीब 15 से 17 सेकेंड का था। जबकि दूसरा झटका पांच से सात सेकेंड का था। हालांकि भूकंप के झटकोंका अहसास सभी कोई महसूस नहीं किए। लेकिन मोबाइल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी खबर सभी लोगों तक पहुंच गई। भूकंप के इन झटकों से जिले के इटखोरी प्रखंड मुख्यालय की एक मामूली नुकसान को छोड़ कर स्थिति सामान्य रही। इटखोरी प्रखंड मुख्यालय में एक झोपड़ी गिर गई है। शेष अन्य स्थानों से नुकसान की कोई खबर नहीं है।