भाजपा नेता श्यामाकांत सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत
हंटरगंज: भाजपा नेता एवं क्रेशर व्यवसायी श्यामाकांत सिंह की मौत बुधवार की शाम कार दुर्घटना में हो गई। हंटरगंज से रांची जाने के क्रम में ओरमांझी के समीप यह दुर्घटना हुई। वाहन एक पुलिया से जा टकराई और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से प्रखंड से लेकर जिला तक शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद रवींद्र राय, स्थानीय सांसद सुनील कुमार सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता सहित अन्य नेता मौका पर पहुंचे और शव का पोस्टमार्टम करवा कर पैतृक गांव के लिए रवाना किए। श्यामाकांत सिंह हंटरगंज थाना क्षेत्र के खुंटीकेवाल रहने वाले थे। वे जयशंकर स्टोन वर्क्स के मालिक एवं संवेदक थे। इनका इकलौता पुत्र कुमार निवास बंगलोर में पढ़ता है। उनके आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। स्थानीय विधायक जनार्दन पासवान सहित अन्य नेताओं ने शोक संवेदना प्रकट की है। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष बिरजू तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष रामविलास सिंह, नवीन साह के अलावा शिवकुमार चौबे आदि का नाम शामिल है।