महिला ने पति को जहर देकर मार डाला
सिमरिया (चतरा) : सिमरिया थाना क्षेत्र के बेलगड़ा गांव में एक महिला ने अपने ही पति को जहर देकर मार डाला। सिमरिया पुलिस ने मृतक प्रीतम साव के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया। पुलिस ने हत्यारोपी पत्नी सुनीता देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंडल कारा भेज दिया। बताया जाता है कि हत्यारोपी पत्नी सुनीता देवी सुबह गांव छोड़कर भाग रही थी। इसी क्रम में ग्रामीणों की नजर इसपर पड़ी और उसे पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। महिला ने पुलिस के समक्ष जहर देकर पति को मार डालने की बात कबूल की है।
इससे पहले शनिवार को ही प्रीतम साव का शव गांव के पास स्थित महुआ के पेड़ के पास बरामद हुआ था। इस घटना के बाद ग्रामीण काफी आक्रोशित थे और हत्यारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों को जिप उपाध्यक्ष देवनंदन साहू एवं थाना प्रभारी अशोक राम ने समझा-बुझाकर शांत किया।
इस मामले में प्रीतम के भाई रामदेव साव के लिखित आवेदन में सिमरिया थाना में सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें सुनीता देवी, इटखोरी के मलकपुर निवासी डोमन साव, प्रयाग साव, मोहन साव, भरत साव, नकुलदेव साव व होरिल साव शामिल है।
घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार प्रीतम मुबई में रहकर मजदूरी करता था। गांव में उसकी पत्नी अकेली रहती थी। इस दौरान गांव के ही महादेव साव के साथ उसकी पत्नी के अवैध संबंध बन गए। कुछ दिन पहले महादेव ने उसे यूपी ले जाकर अन्य व्यक्ति से विवाह करवा दिया। सूचना मिलने के बाद प्रीतम घर वापस आया और महादेव साव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने महादेव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इधर महादेव के जेल जाने की सूचना पाकर सुनीता उसका बेल कराने के लिए चतरा पहुंची जहां पुलिस ने बगैर तलाक के दूसरी शादी करने के मामले में उसे हिरासत में ले लिया। हालांकि सुनीता को न तो मायके वाले रखने को तैयार हुए और ना ही पति प्रीतम ही तैयार हो रहा था। बाद में पुलिस के पहल पर पति प्रीतम ने उसे अपने पास रख लिया था। इसी बीच शनिवार को संदिग्ध हालात में प्रीतम का शव पेड़ के पास मिला।