पार्षद विहीन वार्ड में समस्याओं की भरमार
करगली : फुसरो नगर परिषद के वार्ड नंबर 28 में पार्षद पद के लिए मध्यावधि चुनाव मई माह में होने वाला है
करगली : फुसरो नगर परिषद के वार्ड नंबर 28 में पार्षद पद के लिए मध्यावधि चुनाव मई माह में होने वाला है। इस वार्ड के पार्षद प्रवीण कुमार सिंह का निधन विगत 11 फरवरी 2014 को हो गया था। वे इस वार्ड के पार्षद के साथ ही नगर परिषद फुसरो के उपाध्यक्ष भी थे। उनके निधन के बाद हालांकि नप अध्यक्ष नीलकंठ रविदास इस वार्ड की देखरेख करते रहे, उसके बावजूद बिना पार्षद के 14 माह के अंतराल में जाहिर है कि विकास कार्यो में कमी आई होगी और कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया होगा। इस संबंध में सोमवार को जब 'दैनिक जागरण' प्रतिनिधि ने स्थानीय लोगों से बात की तब कई समस्याएं छनकर सामने आई, पेश है उसकी बानगी।
गंदगी-प्रदूषण की समस्या
वार्ड संख्या 28 में सिंहनगर, बेहराडीह बस्ती, राजेन्द्र नगर, खास ढोरी कॉलोनी आदि शामिल हैं, जहां अवलोकन के क्रम में अनियमित जलापूर्ति, गंदगी, प्रदूषण आदि की समस्या पैदा हुई। सफाई के अभाव में नाली जाम नजर आई। कई मुहल्ले में नाली की कमी से लोग त्रस्त थे। कई मुहल्ले में नाली का पानी घर में घुस रहा था। सीसीएल के 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार कई घर की छत के ऊपर से गुजरने के कारण दुर्घटना की संभावना से लोग डरे दिखे।
नदी-जोरिया के पानी पर आश्रित
इस वार्ड के बेहराडीह के अधिकांश लोग नदी व जोरिया के पानी पर आश्रित हैं, जो काफी दूषित है। पानी निकासी के लिए नाली नहीं रहने के कारण सड़क किनारे जल जमाव सदैव बना रहता है। सड़क किनारे नाली नहीं बनाए जाने के कारण पानी घर में घुस जाता है।
पार्षद के निधन के बाद बढ़ी समस्या
स्थानीय लोगों में सुमन देवी, सुधा देवी, आशा देवी, बसंती देवी एवं इंदु देवी ने बताया कि यह वार्ड शुरू से ही उपेक्षित रहा है। पार्षद के निधन के बाद समस्या और अधिक बढ़ती गई। हालांकि नप अध्यक्ष इस ओर ध्यान देते हैं, फिर भी उनका कार्यक्षेत्र बड़ा होने के कारण यहां के लिए वे माकूल समय नहीं निकाल पाते। यही वजह है कि यहां कई समस्याओं का समाधान अभी तक नहीं हो पाया। अधिकतर कार्य अधूरे पड़े हैं।
सदैव बनी रहती पानी की किल्लत
विजय सिंह, त्रिभुवन सिंह, मनोज सिंह, कृष्णबहादुर सिंह एवं धनंजय महतो ने कहा कि वार्ड-28 में नियमित रूप से सफाई नहीं किए जाने के कारण सड़क किनारे कचरे का अंबार लगा रहता है। अधिकांश चापाकल खराब हैं। यहां पीने का पानी सीसीएल की ओर से आपूर्ति की जाती है, लेकिन सप्ताह में दो या तीन दिन ही। इस कारण पानी की किल्लत यहां सदैव बनी रहती है।
वर्जन
वार्ड नंबर 28 में सड़क-नाली लोगों की जरूरत के मुताबिक बनवाई गयी। पेयजल की समस्या के समाधान के लिए चापाकल लगवाने सहित डीप बोरिंग भी कराई गयी। साथ ही साफ-सफाई का काम भी कराया जाता है।
-नीलकंठ रविदास, अध्यक्ष, नगर परिषद फुसरो