सूबे के विकास को आगे आएं युवा
चंदनकियारी/बरमसिया : विनोद बाबू के आदर्श को बनाए रखने के लिए युवा पीढ़ी को सजग और सचेत रहने की जरूरत है। उनके आदर्श को आत्मसात कर ही उनके सपने को पूरा किया जा सकता है। आजसू पार्टी के सुप्रीमो सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने चंदनकियारी के बोगला मोड़ पर आयोजित दिवंगत विनोद बिहारी महतो जयंती समारोह में ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि राज्य को अलग करने की लड़ाई में जिन्होंने शहादत दी, उनका सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। इस राज्य में संसाधन की कमी नहीं है मगर हमें उसका कोई लाभ नहीं मिल रहा। कोयला-लोहा के साथ अब बालू की तस्करी करने की तैयारी सरकार कर चुकी है।
कहा कि झारखंड की जनता को विनोद बाबू के पढ़ो और लड़ो के नारे को आत्मसात करने के लिए अपने हक के लिए लड़ना होगा। स्थानीय विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि विनोद बाबू ने हमेशा रचनात्मक काम किया। वे विकास की सोच रखते थे। उनके सिद्धांत को आत्मसात कर झारखंड में शासन की लड़ाई लड़नी होगी। कहा कि झारखंड को दुर्योधन राज से मुक्ति दिलाना है। पार्टी के पांच पांडव और एक सारथी मिलकर दुर्योधन राज को खत्म करेंगे।
हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि विधायक रजक के नेतृत्व में चंदनकियारी का जो विकास हुआ है, उसका आकलन जनता खुद करे। मौके पर जिलाध्यक्ष साधुशरण गोप, गोमिया विस क्षेत्र प्रभारी योगेंद्र महतो, विश्वनाथ महतो, माणिक महतो, अश्विनी महतो, सीताराम महतो आदि उपस्थित थे। इसके पूर्व सभी नेताओं ने विनोद बाबू की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किया।