प्रशासन ने सलटाया कंचनपुर विवाद
बरमसिया (बोकारो) : चंदनकियारी प्रखंड के कंचनपुर गांव में दो समुदाय के बीच उत्पन्न विवाद को प्रशासन ने सलटा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर स्थिति संभाल ली।
बताया गया कि गुरुवार की शाम कंचनपुर के गोराई टोला में स्थापित मां मनसा की प्रतिमा को विसर्जन से पूर्व पूरे गांव का भ्रमण कराया जा रहा था। इसी बीच दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने विरोध जताया। रात होने के कारण दोनों पक्ष शांत हो गए लेकिन दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह इस बात की खबर आसपास के गांवों में फैल गई। फिर दोनों पक्ष के बीच तनाव उत्पन्न हो गया।
सूचना मिलने ही प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सभी ने पुरानी परंपरा के तहत मिलकर रहने की बात कही। साथ ही 28 अगस्त को शांति समिति की बैठक करने का निर्णय लिया गया। मौके पर सिटी डीएसपी सहदेव साव चंदनकियारी थाना प्रभारी रामचंद्र राम, पुलिस निरीक्षक सरोजानंद झा, प्रखंड विकास पदाधिकारी मिथिलेश चौधरी आदि उपस्थित थे।