अब करेंगे मजदूरों की सेवा : ददई
चापी/तेनुघाट (बेरमो) : सूबे के पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे ने कहा कि वे राजनीति से संन्यास ले चुके हैं। अब वे किसी पार्टी में नहीं जाएंगे बल्कि ट्रेड यूनियन के जरिये मजदूरों की सेवा करेंगे। उन्होंने बुधवार को झिरकी ग्राम में यह बात कही। वे यहां बोकारो के पूर्व विधायक इजराइल अंसारी को ईद की बधाई देने आए थे।
उन्होंने कहा कि जब वे झारखंड सरकार में मंत्री थे तब बालू टेंडर एवं ट्रांसफर-पोस्टिंग आदि में बरती जा रही अनियमितता के खिलाफ मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। फिर भी उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बर्खास्त कर दिया गया। पार्टी में किसी भी स्तर पर उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा मगर वहां भी उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। अंतत: उन्होंने इस पार्टी से भी त्यागपत्र दे दिया।
उन्होंने कहा कि आज झारखंड सरकार गरीब जनता का दोहन कर रही है। ऐसी सरकार का विधानसभा चुनाव तक तो क्या, घटेभर भी सत्ता में नहीं रहना चाहिए। मौके पर छविनाथ सिंह, विकास सिंह, अजय सिंह, उदय दुबे, रवींद्र पांडेय, पप्पू लाला, राजेंद्र वर्मा आदि उपस्थित थे।