बच्चों को नैतिक मूल्य का ज्ञान देना जरूरी
बोकारो : आज विश्व का स्वरूप बदल रहा है। इसके बावजूद भारतीय सभ्यता-संस्कृति की दुनियाभर में अलग पहचान है। बच्चों को नैतिक मूल्यों का ज्ञान देना आवश्यक है। तभी वे अपने जीवन में सफल होंगे। गुरुकुल, सोनीपत के प्राध्यापक आचार्य संदीप ने आर्य समाज ऋषि भवन सेक्टर छह में बच्चों को सफल जीवन का राज बताने के क्रम में ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि मानव जीवन चुनौतियों से भरा है। इसलिए उनका सामना करने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। बच्चों को विकास के पथ पर आगे बढ़ने के लिए लक्ष्य का निर्धारण करना चाहिए। शिक्षकों के मार्गदर्शन में कठिन परिश्रम करना चाहिए। अभिभावकों को भी अपने बच्चों का खास ख्याल रखना चाहिए।
कहा कि शिक्षक और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय होना चाहिए। अभिभावक भी बच्चों को बेहतर सीख दें। इसके पूर्व आर्य समाज के केके कक्कड़ एवं डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर चार के प्राचार्य अरुण कुमार ने आचार्य संदीप का स्वागत किया। मौके पर ब्रह्मादेव, भवानी शंकर जायसवाल, डॉ. अनिल त्रेहान के अलावा काफी संख्या में बच्चे उपस्थित थे।