पूरा नहीं होगा भाजपा का सपना : भोक्ता
जागरण संवाददाता, बोकारो : भारतीय जनता पार्टी 2014 के लोकसभा चुनाव को लेकर जो सपने देख रही है, वह पूरा होनेवाला नहीं। झारखंड में नरेंद्र मोदी का प्रभाव नहीं पड़ेगा। यह कहना है विधानसभा अध्यक्ष शशांक शेखर भोक्ता का। वे शुक्रवार को बोकारो प्रवास के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार अलग-अलग दल को मिलाकर चलती है। सबकी नीतियां अलग होती हैं। ऐसे में बयानबाजी लाजमी है, लेकिन सरकार के सभी दल विकास के मुद्दे पर एक हैं। इस सरकार का कार्यकाल मील का पत्थर साबित होगा।
कोयला घोटाले में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह एवं झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन का नाम आने की बात पर कहा कि भाजपा कोई जांच एजेंसी नहीं है जो जिस पर चाहे आरोप लगा दे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनके सहयोगी खाली बैठे अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। वर्तमान सरकार अच्छा काम कर रही है। इसलिए विरोधी हमला कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद सीटों से संबंधित विवाद भी समाप्त हो जाएगा। जहां तक चारा घोटाले में सजा होने की बात है तो केवल लालू प्रसाद यादव को सजा देने मात्र से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा। इसके लिए लोगों के नैतिक स्तर में सुधार की जरूरत है। इस दौरान झामुमो नगर अध्यक्ष मंटू यादव भी उनके साथ थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर