चित्रकार बन नाम रोशन करना चाहता है राहुल
ऊधमपुर, जागरण संवाद केंद्र : प्रदर्शनी में 16 वर्षीय चित्रकार के चित्रों को जिसने भी देखा वह देखता ही रह गया। चित्रों को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो जीवन को किसी ने कागज पर उतार दिया। चित्रों में जीवन के हर पहलू की झलक नजर आ रही थी।
राहुल डोगरा पुत्र तरसीम कुमार निवासी भगोचाचक्क हीरानगर कठुआ ने अपने चित्रों को प्रदर्शनी में दर्शाया। जब, लोगों ने जीवन को दर्शाते चित्र देखे तो उन्हें यकीन हीं नहीं हुआ कि सभी चित्र एक 16 वर्ष के किशोर ने बनाए हैं। राहुल ने बताया कि वह दूरदराज ग्रामीण इलाका भगोचाचक्क का रहने वाला है। जहां सुविधाओं का काफी अभाव है। चार वर्ष की उम्र में उसने चित्र बनाना शुरू किए। जैसे-जैसे बड़ा होता गया। कागज को छोड़कर घर की दीवार पर चित्र बनाने लगा। एक दिन उसने घर की दीवार पर भगवान शंकर की तस्वीर बनाकर सबको भौचक्का कर दिया। जिसने भी दीवार पर भगवान शंकर का चित्र बना देखा। उसे यकीन ही नहीं हुआ कि एक बच्चे ने असाधारण काम किया है। उसके बाद पिता तरसीम ने समझ लिया कि उसका बेटा एक दिन बड़ा चित्रकार बन कर नाम कमाएगा।
राहुल ने बताया कि उसने स्कूल में कई चित्रकला प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर पुरस्कार हासिल किए हैं। यही नहीं जेएंडके एकेडमी ऑफ आर्ट, कल्चर एंड लैंग्वेज जम्मू द्वारा आयोजित किए गए सीनियर गु्रप पेटिंग प्रतियोगिता में दूसरा पुरस्कार हासिल किया है। कई पुरस्कार जीतने के बावजूद आज तक उसकी प्रतिभा को आगे ले जाने में मदद करने के लिए जेएंडके एकेडमी ऑफ आर्ट, कल्चर एंड लैंग्वेज जम्मू व अन्य किसी संस्था ने हाथ नहीं बढ़ाया है। लेकिन, उसने हिम्मत नहीं हारी है। वह अपनी प्रतिभा को लगातार तराश कर आगे बढ़ रहा है। राहुल ने बताया कि अभी उसने दसवीं की परीक्षा दी है, जिसका परिणाम जल्द निकलने वाला है। उसे पता है कि उसका भविष्य चित्रकला में ही है। पढ़ाई पूरी करने के बाद फाइन आर्ट का प्रशिक्षण हासिल करके अपनी कला को निखारेगा और एक दिन नामी चित्रकार बनकर राज्य व देश का नाम रोशन करेगा। मुख्य मेहमान खेल मंत्री आरएस चिब ने भी राहुल की चित्रों को देखकर काफी प्रशंसा की।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर