अलग जम्मू राज्य से ही हो सकता है समस्याओं का समाधान : मनकोटिया
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू-कश्मीर का पुनर्गठन करके जम्मू को अलग राज्य बनाने की मुहिम के तहत पैंथर्स
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू-कश्मीर का पुनर्गठन करके जम्मू को अलग राज्य बनाने की मुहिम के तहत पैंथर्स पार्टी की हक इंसाफ रथ यात्रा शहर के बाहरी इलाकों चक भलवाल, बदरालकलां, मुट्ठी पहुंची। पार्टी के प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि राज्य की सभी समस्याओं का समाधान जम्मू के अलग राज्य बनने से ही हो सकता है। अगर इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में समस्याओं में बढ़ोतरी हो जाएगी। हक इंसाफ रथ यात्रा की अगुवाई कर रहे मनकोटिया ने लोगों से अलग जम्मू राज्य को बनाने में सहयोग मांगा।
उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग के लोग देशभक्त हैं। वे अधिक देर तक कश्मीर व दिल्ली के नेताओं की गुलामी नहीं कर सकते। लोगों का झुकाव हमेशा ही कांग्रेस, भाजपा की तरफ रहा है, लेकिन इन दोनों पार्टियों ने अपने वायदे पूरे नहीं किए। ये पार्टियां हमेशा कश्मीरी नेताओं को खुश करती रही हैं। जम्मू के साथ हमेशा ही भेदभाव होता आया है। बात चाहे रोजगार की हो या विकास की, जम्मू के लोगों को नजरअंदाज किया जाता रहा। लोगों ने भाजपा को जनादेश दिया, लेकिन भाजपा जम्मू के लोगों की आकांक्षाओं पर पूरा उतरने में नाकाम रही है। पार्टी का अभियान जारी रहेगा। इसमें लोगों का सहयोग मिल रहा है।