टेंपो खाई गिरने से दो पर्यटकों की मौत
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : कश्मीर घूमने के बाद जम्मू लौट रहे पर्यटकों का वाहन बुधवार बनिहाल के नाच
जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : कश्मीर घूमने के बाद जम्मू लौट रहे पर्यटकों का वाहन बुधवार बनिहाल के नाचलाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि सात घायल हो गए। अभी तक चालक का पता नहीं चला है।
जानकारी के मुताबिक कोलकाता से आए पर्यटकों ने बुधवार को जम्मू जाने के लिए पहलगाम टेंपो ट्रैवलर बुक की। इसमें नौ पर्यटक सवार हुए। रामसू के नाचलाना इलाके में चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। वाहन अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट सड़क से नीचे बिसलेरी नाले में जा गिरा। पुलिस, सेना व क्यूआरटी ने त्वरित कार्रवाई कर राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को खाई से निकाला। हादसे में एक पर्यटक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ घायलों को बनिहाल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां गंभीर रूप से एक घायल को रामबन उप जिला अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शेष सात घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। चालक का समाचार लिखे जाने तक कुछ पता नहीं चल पाया था। पहले पुलिस व खोज दल यह मान रहा था कि चालक वाहन के साथ खाई में गिरा है। कुछ लोगों ने चालक के खाई में गिरने से पहले छलांग लगाने के कारण बचकर भागने की बात पुलिस को बताई है। माना जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। जिस जगह वाहन गिरा है, वहां गड्ढे बहुत हैं और वाहन अधिक रफ्तार से चलाना मुमकिन नहीं। श्रीनगर से जम्मू जाते समय खाई दाई और है और वाहन बांई और चलते हैं। संभावना जताई जा रही है कि चालक ने किसी वाहन को ओवरटेक करने के लिए गति बढ़ाई होगी और ओवरटेक करते समय अधिक रफ्तार और गड्ढों में वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। मृतकों की पहचान संतो बिसवास(28) पुत्र हारू बिसवास व संजय पॉल(29) पुत्र पारु पॉल निवासी कोलकाता के रूप में हुई। जबकि घायलों में बिपल देव(22) पुत्र बबल देव, राजीव राय(23) पुत्र बिने राय, बरुण देव (23) पुत्र रविन देव, सुमन राय(28) पुत्र आशिष राय, चंदन गणेश(30) पुत्र आशीष गणेश, बोपेश गणेश (27) पुत्र गोपाल गणेश चारेया छित्रा(32) पुत्र रवि देव के रूप में हुई।
----बॉक्स----
देवदूत बनी सेना, पुलिस व क्यूआरटी
सेना की 23 आरआर के जवान, एसएचो रामसू के नेतृत्व में पुलिस कर्मी व क्यूआरटी के संयुक्त बचाव दल हादसे में घायलों के लिए देवदूत बन कर आए। हादसे की सूचना मिलते ही तीनों ने बिना समय गंवाए त्वरित घटना स्थल पर पहुंच कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। उन्होंने घायल पर्यटकों को मदद कर बाहर निकाला। लोगों के मुताबिक यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती, तो हादसे के परिणाम इससे भी ज्यादा गंभीर होते।