घर में घुस कर महिला से सामूहिक दुष्कर्म
जागरण संवाददाता, जम्मू दोमाना के अप्पर बनतालाब में रहने वाली तीस वर्षीय महिला ने अपने पड़ोस में रह
जागरण संवाददाता, जम्मू
दोमाना के अप्पर बनतालाब में रहने वाली तीस वर्षीय महिला ने अपने पड़ोस में रहने वाले तीन सगे भाइयों पर उसके घर में घुस कर सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। आरोपियों की पहचान इसरार हुसैन शाह, बख्तियार हुसैन तथा अख्तर हुसैन शाह निवासी बनतालाब के रूप में हुई।
शनिवार रात पीड़ित महिला अपने घर में अकेली थी। इस बात का लाभ उठा कर तीनों आरोपी उसके घर में घुस आए। दरवाजा खटखटाने पर जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो तीनों आरोपियों ने दरवाजा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी भाई महिला को घर के एक कमरे में ले गए, जहां तीनों ने बारी बारी उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित महिला का आरोप है कि उसने मदद के लिए मुहल्ले में रहने वाले लोगों को बुलाया, लेकिन कोई भी उसकी मदद के लिए नहीं आया। महिला को अचेत अवस्था में छोड़ कर आरोपी उसके घर से भाग निकले। किसी तरह महिला ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जो उसे लेकर दोमाना थाने में पहुंच गए। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। दोमाना पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला तथा आरोपियों के परिवार के बीच लंबे समय से रंजिश चल रहा है। महिला की मेडिकल जांच करवा ली गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ाएगी।