गैस सिलेंडर न मिलने पर लोगों ने किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, राजौरी : रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से परेशान बुद्धल क्षेत्र के लोगों ने खाद्य आपूर्ति विभाग एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के अंदर सिलेंडर की सप्लाई न पहुंची तो लोग बाजार को बंद कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन कर रहे मुहम्मद इकबाल, मंजूर हुसैन सहित अन्य ने कहा कि पिछले डेढ़ माह से हम लोगों को रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिले हैं। जिस कारण से हम लोगों को कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार हम लोग खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को भी अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक हम लोगों को रसोई गैस की सप्लाई नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि रविवार को सिलेंडरों का ट्रक हमारे क्षेत्र के लिए आया था, लेकिन उसे भी बीच रास्ते में ही खाली कर दिया गया। जिस कारण से अब जल्द ही सिलेंडर आने की कोई भी उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर दो दिन के अंदर सिलेंडर हमारे पास न पहुंचे तो हम लोग बाजार को बंद करके खाद्य आपूर्ति विभाग एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में खाद्य आपूर्ति विभाग के एडी केवल कृष्ण का कहना था कि पीछे से ही सिलेंडरों की कमी चल रही है। हमारा यही प्रयास है कि हर उपभोक्ता को समय पर सिलेंडर मिले। उन्होंने कहा कि बुद्धल के लोगों को जल्द सिलेंडर मुहैया करवाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।