गुरु दीक्षा कार्यक्रम में उमड़ी भक्तों की भीड़
कठुआ : शहर के वार्ड नंबर-दो पंडोरी धाम मंदिर में सोमवार को वार्षिक गुरु दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन कि
कठुआ : शहर के वार्ड नंबर-दो पंडोरी धाम मंदिर में सोमवार को वार्षिक गुरु दीक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उसमें बड़ी संख्या में गुरु के प्रति आस्था रखने वालों ने भाग लिया। पांचवें नवरात्र के कारण विशेष तौर पर आयोजित इस कार्यक्रम के विशेष मौके पर रघुवीर जी महाराज ने भक्तों को गुरु दीक्षा दी और उन्हें गुरु और शिष्य के बीच रिश्ते को लेकर विस्तार से समझाया।
उन्होंने कहा कि सिर्फ दीक्षा लेने से ही शिष्य गुरु कृपा पा नहीं सकता। उसे गुरु के प्रति उसका क्या दायित्व है, इसे समझने के लिए उसे लगातार गुरु द्वारा दिए जाने वाले प्रवचनों को भी ग्रहण करना होगा। इसके साथ ही प्रभु के प्रति ध्यान लगाने के लिए जो विधियां निर्धारित की गई हैं, उन्हें भी अपनाना होगा। गुरु सिर्फ शिष्य को भगवान से जोड़ने का मार्ग दिखाता है। उस मार्ग को कैसे बनाना है यह शिष्य की भक्ति और विश्वास पर निर्भर करता है। संसार में बिना गुरु के किसी को भी सफलता नहीं मिल सकती। गुरु व्यक्ति को सद्मार्ग और धर्म पर चलने के लिए प्रेरित कर सकता है। क्योंकि मनुष्य का कल्याण धार्मिक मार्ग पर ही चलकर संभव है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी उपस्थित थीं। दिन भर चले इस कार्यक्रम में गुरु दीक्षा पाने को लेकर भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था। इससे पूर्व मंदिर परिसर में भजन कीर्तन हुआ जिसमें काफी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर गुरु महिमा का गुणगान किया।