दो सप्ताह में गोलीकांड की दूसरी घटना
संवाद सहयोगी, कठुआ : दो सप्ताह के भीतर गोलीकांड के दो मामलों ने प्रशासन को सकते में डाल दिया है। पिछ
संवाद सहयोगी, कठुआ : दो सप्ताह के भीतर गोलीकांड के दो मामलों ने प्रशासन को सकते में डाल दिया है। पिछले 16 सितंबर को ट्रक यूनियन गोलीकांड के बाद अब ताजा मामले में भूमि विवाद के कारण फायरिंग से लोग खौफजदा हैं।
बरवाल मोड़ क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर एक गुट के सदस्य द्वारा की गई फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों में भी खौफ उत्पन्न हो गया था। हालांकि वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे लेकिन इसी बीच कई लोग घटनास्थल पर जाने को लेकर भी असमंजस की स्थिति में थे। हालांकि किसी तरह तीन घायल पवन सिंह, कुलदीप व रछपाल ने हिम्मत जुटाई जिसके बाद अस्पताल उन्हें लोगों की मदद से पहुंचाया गया। लेकिन अन्य घायल सुरेंद्र सिंह की गंभीर हालत के चलते वह बेसुध हालत में घटना स्थल पर ही पड़ा रहा। जिला अस्पताल पहुंचे तीनों घायल सुरेंद्र को अस्पताल लाने एवं उसकी सलामती के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे थे। इसी बीच पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर स्थिति का जायजा लेने से पूर्व वहां बेसुध पड़े सुरेंद्र सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उसे जीएमसी रेफर कर दिया।
वहीं, गोलीकांड की जानकारी के बाद घायलों का हाल जानने के लिए जिला पुलिस प्रमुख भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। यहां उन्होंने घायलों से विवाद के बारे में जानकारी हासिल की। बताया जा रहा है कि उक्त भूमि को लेकर पिछले लंबे समय से दोनों गुटों में विवाद है जबकि इससे पहले भी गालीगलौज , छिटपुट मारपीट आदि हुई है। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया है जो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
आपको बता दें कि इससे पूर्व ट्रक यूनियन में गोलीकांड की घटना हुई थी जिसमें एक आबकारी विभाग के कर्मी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रदर्शन, हाइवे पर जाम हुए। हालांकि बाद में पुलिस द्वारा मुख्य एवं अन्य आरोपियों को पकड़े जाने के बाद माहौल शांत हुआ था जबकि एक बार फिर से जमीनी विवाद को लेकर हुए गोलीकांड ने लोगों को सकते में डाल दिया है।