हत्या करने जा रहा गुर्गा गिरफ्तार, हथियार बरामद
जागरण संवाददाता, जम्मू : गंग्याल पुलिस ने शहर में गैंगवार की घटना को टालते हुए विक्रमजीत गुट के गुर्
जागरण संवाददाता, जम्मू : गंग्याल पुलिस ने शहर में गैंगवार की घटना को टालते हुए विक्रमजीत गुट के गुर्गे को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अपने विरोधी गुट के सदस्यों की हत्या करने की मंशा से जा रहा था। उसके कब्जे से बारह बोर की गन व पांच कारतूस के अलावा पिस्तौल के 18 राउंड तथा एक रिवाल्वर का राउंड भी बरामद हुआ। गुर्गे की पहचान परमजीत सिंह उर्फ मुर्गा निवासी बंधुरख के रूप में हुई। परमजीत पर पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, उसपर जिला प्रशासन ने पीएसए भी लगाया था, लेकिन कोर्ट ने उसपर लगे पीएसए को खारिज कर दिया था।
मंगलवार दोपहर को गंग्याल पुलिस ने सियोड़ा इलाके में नाका लगा रखा था। इस दौरान उन्होंने एक युवक को रुकने का इशारा किया। रुकने के बजाय युवक उल्टी दिशा में दौड़ने लगा। पुलिस कर्मियों ने युवक का पीछा कर उसे दबोच लिया। उससे एक बैग बरामद हुआ। बैग के अंदर से बारह बोर की गन तथा कारतूस बरामद हुए। युवक को पूछताछ के लिए थाने में ले जाया गया। जांच के दौरान परमजीत सिंह ने खुलासा किया कि कुछ दिनों पूर्व कोर्ट में उसकी मुलाकात सन्नी बाबा से हुई थी, जिसने उसे अपने विरोधी गुट गुरबचन सिंह तथा उसके भाई रूबल सिंह की हत्या का काम सौंपा। सन्नी बाबा ने अपने साथियों की मदद से परमजीत सिंह को गन तथा चालीस हजार रुपये की नकदी उपलब्ध करवाई। परमजीत सिंह मौजूदा समय में विक्रम जीत सिंह गुट के साथ काम कर रहा है। इस गुट का सरगना विक्रम जीत सिंह इन दिनों जेल में बंद है। एसपी सिटी साउथ संदीप चौधरी का कहना है कि परमजीत सिंह की गिरफ्तारी से पुलिस ने शहर में बड़ी गैंगवार की घटना को टाल दिया है।