संघ को सशक्त बनाकर करें चुनौतियों का सामना
संघ प्रमुख ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बना रहे देशविरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए जोर शोर से अभियान चलाने के लिए कहा।
जम्मू, [राज्य ब्यूरो] राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि देश के समक्ष चुनौतियां का सामना करने के लिए प्रचारक अपने अपने प्रांतों में जमीनी सतह पर संघ को सशक्त बनाएं। संघ प्रमुख ने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बना रहे देशविरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर, पंजाब, केरल व अन्य राज्यों जोर शोर से अभियान चलाने के लिए कहा।
वह वीरवार शाम को जम्मू के वेद मंदिर में अखिल भारतीय प्रचारक बैठक के समापन समारोह में विचार व्यक्त कर रहे थे। जम्मू में राष्ट्रीय प्रचारक बैठक के बाद अब संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी जम्मू की बैठक में उठे मुद्दों पर भोपाल में 12 अक्टूबर से होने वाली तीन दिवसीय संघ के कार्यकारी मंडल में मंथन करेंगे। जम्मू में तीन दिवसीय प्रचारक बैठक में आए प्रचारकों से उनके प्रांतों के बारे में पूरी जानकारी लेने के बाद संघ प्रमुख ने वापस लौट रहे प्रचारकों को दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस बैठक में उठाए गए मुद्दों पर भोपाल में होने जा रही संघ की कार्यकारी मंडल की बैठक में चर्चा होगी। इसी बीच आगे की रणनीति तय करने के लिए संघ प्रमुख, प्रचारक बैठक में तीन दिन में उठे मुद्दे पर शुक्रवार को आरएसएस की कोर टीम के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद वह शनिवार को लौट जाएंगे। इसी बीच तीन दिवसीय बैठक के बाद प्रचारकों की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गई।
कुछ प्रचारक वीरवार शाम को लौट गए जबकि कुछ श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए कटड़ा रवाना हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम लाल, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव वीरवार शाम को दिल्ली लौट गए। दिल्ली लौटने से पहले उन्होंने वीरवार शाम को भाजपा मुख्यालय में पार्टी नेताओं से मौजूदा हालात, पार्टी गतिविधियों पर विचार विमर्श भी किया।