सफलता के लिए मेहनत जरूरी
जम्मू, जागरण संवाददाता : अखिल भारतीय भेंट प्रतियोगिता की विजेता अंजुशा शर्मा और हाल ही में नासा में गई खुशबू रामपाल ने बच्चों को सलाह दी है कि वे सफल होने के लिए मेहनत करें और अपना आत्मविश्वास कायम रखें। रविवार को जानीपुर में किड्स होम का उद्घाटन करने के बाद दोनों ने बच्चों को ये टिप्स दिए।
अंजुशा ने कहा कि बच्चों के लिए इस तरह की सुविधा अच्छा प्रयास है। अभिभावकों की व्यस्त जिंदगी के बीच बच्चों को भी अपना जीवन जीने का पूरा मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने बच्चों को आत्मविश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। नासा से लौटी खुशबू ने बच्चों को मेहनत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नासा में जाकर उन्हें जो अनुभव हुआ, उनका प्रयास होगा कि इसका लाभ सभी को मिले। वहीं, किड्स होम की एमडी किरण गुप्ता ने बताया कि इसका मकसद उन अभिभावकों को सुविधा देना है, जो व्यस्त दिनचर्या के कारण अपने बच्चों को समय नहीं दे पाते। यहां बच्चों के लिए हर आधुनिक सुविधा मिलेगी। उनके चहुंमुखी विकास पर पूरा ध्यान रखा जाएगा। यहां आकर बच्चों को घर वाला वातावरण मिलेगा। इस दौरान अंजुशा शर्मा और खुशबू को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन पूजा ने किया। इस मौके पर प्रीति, संजीव गुप्ता सहित कई लोग मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर