वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटी महिला श्रद्धालु की मौत
जागरण संवाददाता, जम्मू : माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटी उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी रागिनी (40)
जागरण संवाददाता, जम्मू : माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौटी उत्तर प्रदेश के बदायूं निवासी रागिनी (40) पत्नी राजीव रायजादा की जम्मू रेलवे स्टेशन के बाहर एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के मुंह से झाग निकलने के कारण त्रिकुटा नगर पुलिस ने शव का पंचनामा करवाया। हालांकि परिजनों का कहना है कि वह मधुमेह से ग्रस्त थी। रात को मीठा दही खाने से उसकी तबीयत खराब हो गई थी। महिला परिवार के सदस्यों के साथ रविवार को जम्मू पहुंची थी।
सोमवार मध्य रात्रि को रागिनी की तबीयत अचानक खराब हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। प्राथमिक जांच में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला श्रद्धालु की मौत की सूचना तुरंत त्रिकुटा नगर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने महिला के शव को अपने कब्जे में ले लिया। महिला के साथ आए उसके रिश्तेदार अर्जुन कुमार ने बताया कि वह मधुमेह से ग्रस्त थी। वह रोजाना इसकी दवा भी लेती थी। उसकी तबीयत सभी परिजनों के सामने खराब हुई थी। मामले में कुछ भी संदिग्ध नहीं है। वहीं, त्रिकुटा नगर थाने से आए जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि डॉक्टरों ने आशंका व्यक्त की है कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। सोमवार को महिला का परिवार कटड़ा से दर्शन कर जम्मू लौटा था। मंगलवार को घर लौटना था।