मां भगवती के रंग में रंगने को तैयार जम्मू
जागरण संवाददाता, जम्मू : चैत्र माह के शुक्ल पक्ष से आरंभ हो रहे नवरात्र की सभी तैयारियों को सोमवार क
जागरण संवाददाता, जम्मू : चैत्र माह के शुक्ल पक्ष से आरंभ हो रहे नवरात्र की सभी तैयारियों को सोमवार को अंतिम रूप दे दिया गया। बावे वाली माता, कोल कंडोली सहित शहर के मुख्य मंदिरों में प्रथम नवरात्र पर आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शनों के दौरान परेशानी न हो, के लिए सेवादारों की कमेटियों का भी गठन किया गया है। माता के द्वार की भव्य सजावट हो चुकी है और प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं।
नवरात्र के शुभ अवसर पर अधिकतर मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सभी मंदिरों को फूलों व जगन मालाओं से सजाया गया है। नवरात्र पर कई मंदिरों में दुर्गा पाठ रखा गया है तो कहीं माता का जागरण किया जाएगा।
सर्व शक्ति सेवक संस्था पहले नवरात्र पर अखंड चंडी ज्योति स्थापित कर चंडी हवन और कंजक पूजन आयोजित करने जा रही है। नवरात्र के दौरान रोजाना चंडी माता के भजन-कीर्तन किए जाएंगे और दुर्गाष्टमी के दिन चंडी यज्ञ व कंजक पूजन किया जाएगा। इसके अलावा शहर के मुख्य बाजार, मंदिर और उनके साथ लगने वाले क्षेत्र भी नवरात्र पर दीपमालाओं से सजाए गए हैं। मंदिरों की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने भी पुख्ता इंतजाम करने के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
घर की सुख शांति और धन-धान्य में बढ़ोतरी के लिए भी घर में माता दुर्गा का हवन-यज्ञ, पाठ आदि का संकल्प लिया गया है।
पूजा सामग्री की भी हुई खरीदारी
फोटो सहित
जम्मू : घर-परिवार की समृद्धि के लिए मां-दुर्गा की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना करने की तैयारियों में जुटी महिलाओं ने चैत्र नवरात्र की पूर्व संख्या पर पूजा सामग्री की खरीदारी की। लाल रंग के किनारीदार दुपट्टे, पूजा सामग्री इत्यादि से सजे शहर के मुख्य बाजार पुरानी मंडी, पक्का डंगा, पटेल बाजार, राजतिलक रोड में खरीदारों की भारी भीड़ रही। महिलाओं ने मां की पूजा में उपयोग की जाने वाली सामग्री की जमकर खरीदारी की। व्रत-उपवास करने वालों ने साख बीजने के लिए मिट्टी के छोटे-बड़े मिट्टी के बर्तन खरीदने के साथ फलाहार व खाद्य वस्तुओं की खरीदारी भी की।
---------------
बिजली सप्लाई सुनिश्चित बनाने के निर्देश
बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर अश्विनी गुप्ता ने सभी अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह शहर के ऐतिहासिक मंदिरों रघुनाथ मंदिर, बावे वाला मंदिर, चीची माता मंदिर, पुरमंडल, उत्तरवाहिनी आदि में रात के समय बिना कटौती बिजली सप्लाई करवाने की व्यवस्था करें। उन्होंने नवरात्र के दौरान रघुनाथ बाजार, रणवीरेश्वर मंदिर शालामार के साथ लगते बाजारों में रात को कटौती न हो इस बात को भी सुनिश्चित बनाने के लिए कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारी से कहा कि जहां-जहां विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहा स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लें।