विस भंग कर चुनाव कराने के मुद्दे पर पैंथर्स का प्रदर्शन
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य विधानसभा भंग करके नए सिरे से चुनाव करवाए जाने की मांग को लेकर पैंथर्स पा
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य विधानसभा भंग करके नए सिरे से चुनाव करवाए जाने की मांग को लेकर पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया। विधानसभा को निलंबित रखे जाने को गैर संवैधानिक करार देते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रेस क्लब जम्मू के नजदीक प्रदर्शनी मैदान में सुबह साढ़े दस बजे इकट्ठा हुए और धरना दिया। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने कहा कि राज्यपाल शासन लगे हुए एक महीने से अधिक का समय बीत गया है। कोई भी राजनीतिक पार्टी सरकार बनाने में नाकाम रही है। पीडीपी ने सरकार बनाने के लिए भाजपा के समक्ष शर्ते रख दी है। मुफ्ती मुहम्मद सईद के निधन के बाद जब तत्काल से सरकार नहीं बनी तो राज्यपाल शासन लागू करना लाजिमी था, लेकिन अब काफी देर हो चुकी है। पीडीपी व भाजपा सरकार बनाने को लेकर गंभीर नहीं है। सरकार बनाने में भाजपा ज्यादा समय लेती जा रही है। जब चुनाव हुए थे तो उस समय भी भाजपा व पीडीपी ने सरकार बनाने में देरी की थी। बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि अधिक समय तक राज्यपाल शासन रखना गैर संवैधानिक है। अब एक ही समाधान बचा है कि राज्य में नए सिरे से चुनाव करवा दिए जाएं। पार्टी इस मुद्दे पर अभियान को तेज करेगी। प्रदर्शनकारियों में गगन प्रताप, राजेश पडगोत्रा, विलक्षण सिंह, शाम लाल गोरखा, नरेश चिब, पुरुषोत्तम परिहार, रविंद्र जम्वाल, खजूर सिंह, इंद्रपाल, नरेश सिंह व अन्य शामिल थे।