डिलिमिटेशन कमीशन गठित कराने के लिए पैंथर्स ने किया प्रदर्शन
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य विधानसभा सीटों की डिलिमिटेशन के लिए कमीशन गठित करने की मांग को लेकर नेशन
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य विधानसभा सीटों की डिलिमिटेशन के लिए कमीशन गठित करने की मांग को लेकर नेशनल पैंथर्स पार्टी ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारे लगाते हुए कहा कि गठबंधन के एजेंडा में डिलिमिटेशन का मुद्दा शामिल किया गया है, लेकिन अब भाजपा चुप होकर बैठ गई है। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार प्रदर्शनी मैदान में पोस्टर लहराते हुए धरना दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हर्षदेव ने कहा कि विधानसभा सीटों की डिलिमिटेशन होने से ही जम्मू के साथ भेदभाव को समाप्त करने में मदद मिल सकती है। भाजपा जब विपक्ष में थी तो उस समय डिलिमिटेशन का मुद्दा जोर शोर से उठाती थी, लेकिन अब इस पर कुछ नहीं बोल रही। जम्मू संभाग में विस की सीटें 37 हैं, जबकि कश्मीर संभाग की 46 सीटें। जम्मू का क्षेत्रफल अधिक है, जबकि कश्मीर का कम है। डिलिमिटेशन के मुद्दे पर गठबंधन सरकार का रवैया नकारात्मक है। जस्टिस कुलदीप सिंह कमीशन की रिपोर्ट पर देशभर में डिलिमिटेशन की प्रक्रिया पूरी की गई थी, लेकिन अनुच्छेद 370 होने के कारण यहां पर डिलिमिटेशन नही हो पाई। डिलिमिटेशन को लेकर कभी सरकारें गंभीर नहीं रही। जम्मू के हितों का दावा करने वाली भाजपा के पास अब डिलिमिटेशन को लेकर कोई जवाब नहीं है। प्रदेश प्रधान बलवंत सिंह मनकोटिया ने कहा कि जम्मू संभाग से भेदभाव को रोकने के लिए डिलिमिटेशन जरूरी है। अगर डिलिमिटेशन कमीशन गठित नहीं किया गया तो पैंथर्स पार्टी आंदोलन शुरू कर देगी।
प्रदर्शनकारियों में राजेश पडगोत्रा, मंजु सिंह, जगदेव सिंह, शाम लाल गोरखा, चेतन शर्मा, गगन प्रताप सिंह, केसर प्रवीन, रेनू सिंह, नरेश चिब, मनोज गुप्ता व अन्य शामिल हुए।