एम्स : कहीं जश्न, कहीं प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू में एम्स पर पिछले कई दिनों से चल रहा असमंजस वीरवार को चरम पर था। आम ल
जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू में एम्स पर पिछले कई दिनों से चल रहा असमंजस वीरवार को चरम पर था। आम लोग भी दिल्ली में होने वाली बैठक पर टकटकी लगाकर बैठे थे लेकिन शाम को जब एम्स पर घोषणा हुई तो शहर में एक जगह जहां जश्न का माहौल था तो वहीं तवी पुल पर प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया। शाम को जब भाजपा के समर्थक शहर में एम्स का जश्न मना रहे थे तो उसी समय तवी नदी के पुल पर एसीसी के कार्यकर्ता सरकार विरोधी प्रदर्शन करने लगे। शहर की जनता को जब भाजपा के जश्न मनाने की खबर मिली तो उन्हें लगा कि मांग पूरी हो गई। ऐसे में लोगों ने मान लिया कि हड़ताल खत्म हो गई लेकिन कुछ देर बाद ही पुल पर प्रदर्शन व हड़ताल होने की खबर भी शहर में आग की तरह फैली। इससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। देर शाम तक लोगों को यह समझ नहीं आया कि अगर एम्स पर घोषणा हो गई है तो फिर हड़ताल क्यों? भ्रम की इस स्थिति को और गहरा किया सोशल मीडिया पर चढ़ने वाले संदेशों ने। भाजपा समर्थकों ने एम्स मिलने के संदेश फैलाए तो उसके जवाब में विपक्षी दलों ने भी संदेश पर संदेश भेजना शुरू कर दिए। इस भ्रम की स्थिति को दूर करने व जम्मू बंद को सफल बनाने के लिए एसीसी ने देर शाम एक बार फिर से पूरे शहर में 72 घंटे के जम्मू बंद का आह्वान दोहराया।