खुद पर तेल छिड़क लगाई आग
जागरण संवाददाता, जम्मू : रिहाड़ी इलाके में एक व्यक्ति ने घरेलू कलह की वजह से खुद पर मिट्टी का तेल छिड़
जागरण संवाददाता, जम्मू : रिहाड़ी इलाके में एक व्यक्ति ने घरेलू कलह की वजह से खुद पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे व्यक्ति को जब उसकी बहन ने देखा तो उसने बचाने का प्रयास किया। इस दौरान वह भी झुलस गई। परिवार के सदस्यों ने दोनों को आग की लपटों से बाहर निकाल उन्हें जीएमसी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचाया। यहां व्यक्ति की हालत नाजुक बनी हुई है। झुलसे व्यक्ति की पहचान 45 वर्षीय अशोक कुमार पुत्र दीना नाथ निवासी रिहाड़ी मुहल्ला व उसकी बहन 60 वर्षीय जीतो देवी पुत्री मोहिंद्र लाल निवासी जानीपुर कॉलोनी के रूप में हुई है।
यह मामला शनिवार शाम को रिहाड़ी मुहल्ले में पेश आया। अशोक कुमार के घर उसकी बहनें भी आई हुई थीं। उसने शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर में खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आग की लपटों में अशोक कुमार इतनी जल्दी घिर गया कि उसके परिजनों को उसे रोकने का मौका ही नहीं मिला। इतने में अशोक की बहन जीतो देवी ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन वह भी आग की चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद उनके परिजनों ने आग बुझाई। लेकिन तब तक अशोक कुमार सौ फीसद झुलस चुका था। परिजनों ने दोनों भाई बहन को जीएमसी अस्पताल में पहुंचाया। यहां अशोक कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उन्होंने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर यह मामला किन कारणों से पेश आया है।