प्रोन्नत होंगे भाजपा के दो राज्यमंत्री
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने अपने दो राज्यमंत्रियों को प्रोन्नत करने की तैयारी
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने अपने दो राज्यमंत्रियों को प्रोन्नत करने की तैयारी कर ली है। शुक्रवार को राज्यपाल एनएन वोहरा भाजपा के राज्यमंत्री अब्दुल गनी कोहली व छी¨रग दोरजे को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलवाएंगे। कार्यक्रम दोपहर बारह बजे राजभवन में होगा। शपथ ग्रहण समारोह की सारी तैयारियां कर ली गई हैं।
कालाकोट से भाजपा के विधायक बने कोहली के पास इस समय ट्रांसपोर्ट विभाग का स्वतंत्र प्रभार है, जबकि विधान परिषद का सदस्य चुने जाने के बाद मंत्री बनाए गए छी¨रग दोरजे के पास सहकारिता विभाग का स्वतंत्र प्रभार है। भाजपा ने दो मंत्रियों का दर्जा बढ़ाने का फैसला करते समय राजनीति कारणों को ध्यान में रखा है। कोहली भाजपा के इकलौते मुस्लिम विधायक होने के साथ मंत्रिमंडल में राजौरी एवं पुंछ जिलों के प्रतिनिधि हैं। वहीं दूसरी ओर छी¨रग दोरजे मंत्रिमंडल में पूरे लद्दाख का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्हें कैबिनेट मंत्री न बनाने का मुद्दा विधानसभा में विपक्ष ने उठाया था। कांग्रेस विधायक दल के नेता व विधानसभा चुनाव में दोरजे को हराने वाले रिगजिन जोरा ने इसे लद्दाख से भेदभाव बताया था कि मंत्रिमंडल में क्षेत्र के इकलौते प्रतिनिधि को भाजपा ने राज्यमंत्री बनाया।
इसी बीच, भाजपा के दो कैबिनेट मंत्री बनने के साथ मुफ्ती मंत्रिमंडल में पार्टी के कैबिनेट मंत्रियों की संख्या छह से बढ़कर आठ हो जाएगी, जबकि पार्टी के राज्यमंत्रियों की संख्या पांच से कम होकर तीन रह जाएगी। वहीं, मंत्रिमंडल में पीडीपी के कैबिनेट मंत्रियों की संख्या 11 हैं।
भाजपा के संगठन महामंत्री अशोक कौल ने कोहली व दोरजे को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने की पुष्टि करते हुए जागरण को बताया कि उनके पास पहले ही स्वतंत्र प्रभार था। कैबिनेट में भाजपा के मंत्री कम हैं, लिहाजा पीडीपी को विश्वास में लेकर दो मंत्रियों का दर्जा बढ़ाने का फैसला किया गया है।
------------------------